

Maha TET 2026 Exam Revised Schedule: महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी खबर है। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद, पुणे ने आगामी शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। पहले यह परीक्षा 21 जून को होने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख बदल दी गई है।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद पुणे द्वारा जारी किए गए नए शेड्यूल के मुताबिक महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 अब रविवार, 28 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के मुताबिक, पहले जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार Maha TET का आयोजन 21 जून 2026 को होना था। हालांकि, इसी दिन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा देश भर में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) का भी आयोजन किया जा रहा है। दोनों ही बड़े स्तर की परीक्षाओं के परीक्षा केंद्र एक जैसे होने के कारण उम्मीदवारों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो सकती थी। परीक्षार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए और परीक्षा प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के पूरा करने के लिए राज्य परीक्षा परिषद ने TET परीक्षा को एक हफ्ते आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने Maha TET परीक्षा की तारीख बदलने के साथ ही एडमिट कार्ड (Hall Ticket) डाउनलोड करने की लिंक भी एक्टिव कर दिया है। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आज यानी 16 जून 2026 से 28 जून 2026 के बीच अपने कंप्यूटर या मोबाइल के जरिए प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट निकाल सकते हैं।
परीक्षा परिषद के आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि कुछ प्रशासनिक कारणों से इस शेड्यूल में आगे भी बदलाव हो सकता है। ऐसे में उम्मीदवारों से परिषद की वेबसाइट देखने का आग्रह किया है, क्योंकि अपडेट की गई जानकारी वहीं प्रकाशित की जाएगी।