महाराष्ट्र में क्राइम पर होगा कड़ा प्रहार! CM फडणवीस ने नासिक धर्मांतरण और ड्रग्स केस पर बुलाई हाई-लेवल मीटिंग

Devendra Fadnavis Review Meeting: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर हाई-लेवल मीटिंग की। उन्होंने धर्मांतरण, ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
Maharashtra Law and Order Devendra Fadnavis high-level meeting on Nashik conversion and drugs case
बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री देवेंद फडणवीस व अन्य (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Devendra Fadnavis Maharashtra Crime Review: महाराष्ट्र में बढ़ते अपराधों और संवेदनशील मामलों को लेकर राज्य सरकार एक्शन मोड में आ गई है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गृह विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में नासिक के चर्चित अशोक खरात प्रकरण, आईटी कंपनी TCS से जुड़े कथित धर्मांतरण मामले, अमरावती के परतवाड़ा के अयान अहमद केस और मुंबई के गोरेगांव ड्रग्स प्रकरण की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस महानिदेशक, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, एसआईटी प्रमुख सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अशोक खरात प्रकरण में मजबूत साक्ष्य जुटाने के निर्देश

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अशोक खरात मामले में पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पीड़ितों का विश्वास बहाल किया जाए और मामले में दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए ठोस साक्ष्य जुटाए जाएं। उन्होंने कहा कि जांच का फोकस अपराध सिद्ध करने पर होना चाहिए, ताकि अदालत में केस मजबूत रह सके।

नासिक धर्मांतरण मामले की गहराई से जांच के आदेश

नासिक की आईटी कंपनी TCS से सामने आए धर्मांतरण प्रकरण पर गंभीर रुख अपनाते हुए CM फडणवीस ने कहा कि ऐसे मामलों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नासिक पुलिस द्वारा मामले को उजागर करने की सराहना की, लेकिन साथ ही जांच को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में हर एंगल और संभावित पैटर्न की गहन जांच की जाए, ताकि कोई भी पहलू छूटने न पाए।

गोरेगांव ड्रग्स केस: ‘युवाओं को बचाने के लिए कड़ी कार्रवाई’

गोरेगांव ड्रग्स मामले पर फडणवीस ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाए। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

अमरावती केस: पीड़ितों के काउंसलिंग पर जोर

अमरावती के परतवाड़ा मामले में CM फडणवीस ने पीड़ितों की काउंसलिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पीड़ितों का भरोसा जीतकर उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाए और इस प्रक्रिया में सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद ली जाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com