

CM Relief Fund Maharashtra News: महाराष्ट्र सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत पिछले वित्तीय वर्ष में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हजारों मरीजों को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है। राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 202526 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के दौरान कुल 40,776 मरीजों को लगभग 333.06 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
सरकार ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को जीवनरक्षक इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों के इलाज में पैसों की कमी बाधा न बने। यह योजना राज्य में स्वास्थ्य सुरक्षा की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रही है।
इस कोष के माध्यम से मुख्य रूप से 20 गंभीर बीमारियों और चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए सहायता दी जाती है। इनमें प्रमुख रूप से बच्चों के लिए कॉक्लियर इम्प्लांट सुनने की क्षमता बढ़ाने वाला उपकरण, हृदय, यकृत, गुर्दा और फेफड़ों का प्रतिरोपण, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, जोड़ों का प्रतिरोपण, कैंसर सर्जरी, डायलिसिस, तंत्रिका तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियां, नवजात शिशुओं की जटिल बीमारियां तथा जलने या बिजली के झटके से होने वाली गंभीर चोटों का इलाज शामिल है।
मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित हुई सहायतासरकारी बयान में कहा गया है कि इस योजना का लाभ उन मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर दिया जाता है जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती है और जिन्हें महंगे इलाज की तुरंत आवश्यकता होती है।
कई मामलों में यह सहायता मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित हुई है। राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री राहत कोष लगातार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि कोई भी मरीज केवल आर्थिक कारणों से इलाज से वंचित न रहे।