मायानगरी में मूसलधार बारिश ने फिर पकड़ी रफ्तार, मुंबई-ठाणे-रायगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी

Mumbai News: मुंबई और आसपास के जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ समेत कोंकण क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
मुंबई-ठाणे-रायगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी (pic credit; social media)
मुंबई-ठाणे-रायगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Maharashtra News: मायानगरी मुंबई में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को हुई मूसलधार बारिश से शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले जारी येलो अलर्ट को अपग्रेड कर मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित कर दिया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों में कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

शुक्रवार देर शाम तक मुंबई के कुर्ला, बीकेसी, अंधेरी और जुहू जैसे प्रमुख इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भी पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी कि अंधेरी पश्चिम स्थित सबवे पर लगभग ढाई फीट पानी भर जाने के बाद यातायात पूरी तरह रोकना पड़ा। वाहनों को गोखले ब्रिज के रास्ते डायवर्ट किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि विदर्भ और उसके आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण और उसके उत्तर-पश्चिम की ओर खिसकने के कारण कोंकण क्षेत्र में बारिश की तीव्रता बढ़ गई है। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि मुंबई और आसपास के जिलों में अगले 24 से 48 घंटों तक तेज बारिश जारी रह सकती है।

नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता घरों से बाहर न निकलें और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। बीएमसी ने अपने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय कर दिए हैं, ताकि लोगों को समय पर मदद मिल सके।

लगातार हो रही बारिश ने आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और स्कूल-कॉलेज के छात्र सबसे ज्यादा परेशान दिखे। लोग सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा कर रहे हैं, जिनमें कई सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com