

Maharashtra Health Schemes Devendra Fadnavis Plan: मुंबई में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए एकीकृत प्रबंधन प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए।
इस कदम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों तक सहायता को तेज, पारदर्शी और सरल बनाना है। सोमवार को सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में ‘मुख्यमंत्री सरकार योजना सहायता व समन्वय प्रकोष्ठ’ के कार्यों का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों की संख्या से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष सेल के लिए विकसित नए ऑनलाइन सिस्टम का उद्घाटन भी किया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म सहायता प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने में मदद करेगा, जिससे लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल सकेगी।
राज्य में महात्मा फुले जन आरोग्य योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जैसी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। पिछले वर्ष महात्मा फुले योजना के तहत 5.22 लाख और प्रधानमंत्री योजना के तहत 2.18 लाख आवेदन दर्ज किए गए।
सरकार का मानना है कि एकीकृत प्रणाली लागू होने से विभिन्न योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और पात्र लाभार्थियों तक सहायता तेजी से पहुंच सकेगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होने की उम्मीद है। आपको बता दें कि इस मीटिंग में उनके साथ नितेश राणे की भी उपस्थिति देखने के लिए मिली है।