

महाराष्ट्र FDA ने 11 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए।
साकीनाका के Zepto डार्क स्टोर और नेरुल के BigBasket गोदाम पर कार्रवाई।
Zepto स्टोर में कॉकरोच और एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिले।
BigBasket गोदाम में चूहों की मौजूदगी, तेल के पैकेट क्षतिग्रस्त।
आठ बिना लाइसेंस वाले खाद्य कारोबार बंद करने के आदेश।
असुरक्षित खाद्य सामग्री 72 घंटे में नष्ट करने के निर्देश।
Maharashtra FDA Food Safety Inspection: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। गंभीर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 11 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित कर दिए गए हैं।
कार्रवाई की जद में साकीनाका स्थित Zepto का डार्क स्टोर, नवी मुंबई के नेरुल स्थित BigBasket का गोदाम और कांजुरमार्ग का रॉयल पंजाब रेस्टोरेंट एंड बार शामिल हैं। इसके अलावा मुंबई में बिना लाइसेंस संचालित आठ खाद्य कारोबारियों को बंद करने का आदेश दिया गया है।
महाराष्ट्र एफडीए की जांच में साकीनाका स्थित Zepto के गोदाम में स्वच्छता की गंभीर कमी सामने आई। यहां जिंदा कॉकरोच पाए गए।
जांच के दौरान एक्सपायर हो चुके और खराब खाद्य पदार्थ भी बिक्री के लिए रखे मिले। इसके अलावा रेफ्रिजरेशन उपकरणों का तापमान निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था और विभिन्न खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से अलग-अलग नहीं रखा गया था।
नेरुल स्थित BigBasket के गोदाम में चूहों की मौजूदगी मिली। चूहों ने खाने के तेल के कई पैकेट कुतर दिए थे, जिससे कुछ पैकेट फटकर लीक हो रहे थे। जांच में खाद्य पदार्थों के साथ पालतू जानवरों का खाना और सिगरेट भी रखी मिली।
FDA ने कंपनी को 72 घंटे के भीतर असुरक्षित खाद्य सामग्री नष्ट करने और तंबाकू उत्पाद हटाने का निर्देश दिया है। साथ ही 15 दिनों के भीतर जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
घाटकोपर, गोवंडी, साकीनाका और गोरेगांव के कई होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों में भी अनियमितताएं मिलीं। इनमें गंदी रसोई, कीड़ों की मौजूदगी, कच्चे मांस और डेयरी उत्पादों का अनुचित भंडारण तथा प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल शामिल है।
गोरेगांव स्थित DS Food का पंजीकरण मावा का नमूना जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया। FDA की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।