राज्यभर FDA की बड़ी कार्रवाई, गुटखा, दूध और खाद्य सामग्री जब्त, 103 प्रतिष्ठानों की जांच पूरी

Maharashtra FDA Action: महाराष्ट्र में एफडीए ने 53 छापों में 1.85 करोड़ रुपये का गुटखा, दूध व खाद्य सामग्री जब्त की। 103 प्रतिष्ठानों की जांच, 16 लाइसेंस निलंबित और AI शिकायत पोर्टल शुरू किया।
Maharashtra FDA Action On Gutkha Milk Food Seizure Food Safety Drive 2026
FDA की कार्रवाई (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Maharashtra FDA Action On Gutkha Milk Food: राज्य में खाद्य मिलावट, प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों और अस्वच्छ खाद्य कारोबार के खिलाफ एफडीए ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 16 से 20 जुलाई के बीच चलाए गए विशेष अभियान में कुल 53 छापे मारे गए।

इस दौरान गुटखा, पान मसाला, दूध, दुग्ध उत्पाद और अन्य खाद्य सामग्री सहित करीब 1.85 करोड़ रुपए का माल जब्त किया गया। इसी तरह 103 प्रतिष्ठानों की जांच पूरी हो चुकी है। साथ ही नागरिकों को सीधे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देने के लिए एआई आधारित शिकायत पोर्टल भी शुरू किया गया है।

जांच अभियान में जब्त वस्तुएं

राज्यव्यापी विशेष जांच अभियान के दौरान 1,731 लीटर दूध और 896 किलोग्राम दुग्ध उत्पाद जब्त किए गए। गोवंडी स्थित सूफी डेयरी में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 1,683 लीटर दूध जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। लातूर में संदिग्ध खोया, धाराशिव में स्कूली पोषण आहार में इस्तेमाल होने वाली सोयाबीन वड़ी तथा सिन्नर के दो दूध कारोबारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाले के खिलाफ अभियान में 37 मामले दर्ज किए गए और 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया। करीब 1.80 करोड़ रुपए मूल्य का प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किया गया। इसके अलावा 23 प्रतिष्ठानों को सील किया गया और तीन वाहन जब्त किए गए। साथ ही अन्य खाद्य पदार्थों का 5.56 लाख रुपये मूल्य का लगभग 2,796 किलोग्राम स्टॉक भी जब्त किया गया।

प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित

राज्यभर में 103 होटल, रेस्तरां और ढाबों की जांच की गई। इनमें से 34 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 16 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। पुणे, नागपुर, अमरावती, नासिक सहित कई क्षेत्रों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए।

वायस से ऑनलाइन शिकायत

एफडीए ने नागरिकों की सुविधा के लिए 'फूड एंड ड्रग ग्रीवेंस पोर्टल' भी शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से खाद्य मिलावट, घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों या नकली दवाओं से संबंधित शिकायतें मराठी, हिंदी या अंग्रेजी में तथा वॉयस के माध्यम से भी ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com