

Eknath Khadse Invites Girish Mahajan BJP Return: महाराष्ट्र की राजनीति में जल्द ही एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। उत्तर महाराष्ट्र की राजनीति के दो धुर विरोधियों के बीच अब पुरानी कड़वाहट खत्म किए जाने के संकेत मिल रहे हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं कि राकां शरदचंद्र पवार पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक एकनाथ खडसे, महायुति सरकार में मंत्री व बीजेपी नेता गिरीश महाजन से अपनी पुरानी अदावत खत्म करने का प्रयास किया किया है। खडसे ने अपने 75वें जन्मदिन (अमृत महोत्सव) का खास न्योता सीधे महाजन के घर भिजवाया है। इस कदम के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में खडसे की बीजेपी में घर वापसी की अटकलें फिर से तेज हो गई हैं।
एकनाथ खडसे के निजी सहायक योगेश कोलते और सुनील नेवे ने जामनेर जाकर मंत्री गिरीश महाजन से मुलाकात की। उन्होंने महाजन को बेहद आदर के साथ अमृत महोत्सव की निमंत्रण पत्रिका सौंपी। खडसे के सहायकों ने हाथ जोड़कर महाजन से इस कार्यक्रम में आने का आग्रह किया। इस पर महाजन ने मुस्कुराते हुए कहा कि सबका विषय अलग है और मेरा विषय अलग है।
सहायकों ने जब महाजन का नाम स्वागत समिति में जोड़ने की बात कही, तो उन्होंने पुरानी सियासी पृष्ठभूमि का हवाला देकर मना कर दिया। हालांकि, महाजन ने पूरी पत्रिका को बेहद ध्यान से देखा और मुस्कुराते हुए आने का सकारात्मक संकेत दिया।
जलगांव और उत्तर महाराष्ट्र की राजनीति में खडसे और महाजन के बीच का विवाद जगजाहिर है। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाने का कोई मौका नहीं छोड़ा है। हाल ही में खड़से ने दावा किया था कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें फोन कर बीजेपी में आने को कहा था।
आगामी 2 सितंबर को मुक्ताईनगर में होने वाले इस कार्यक्रम में अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना है। ऐसे में खड़से द्वारा गिरीश महाजन की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाना, बीजेपी में उनकी वापसी का बड़ा संकेत माना जा रहा है।