विधायक के खाने में मिली मक्खी, महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में हंगामा, अध्यक्ष ने दिया जांच का आदेश

Maharashtra Assembly MLA Food Fly Controversy: महाराष्ट्र विधानसभा में विधायक विकास ठाकरे के भोजन में मक्खी मिलने के बाद अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने जांच के आदेश दिए हैं।
Fly in MLA Food Maharashtra Assembly
महाराष्ट्र विधान भवन (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Fly in MLA Food Maharashtra Assembly: महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के आखिरी दिन आज, शुक्रवार को विधानसभा भवन परिसर के भीतर एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक तरफ जहां खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) आयुक्त तुकाराम मुंधे के नेतृत्व में पूरा विभाग राज्य भर के होटलों और कारखानों पर अस्वच्छता के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ खुद राज्य की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के भीतर विधायकों की खाद्य सुरक्षा भगवान भरोसे नजर आई। विधानसभा भवन में विधायकों को परोसे गए आधिकारिक भोजन की थाली में एक मरी हुई मक्खी पाए जाने से सदन के भीतर भारी हड़कंप मच गया।

इस गंभीर लापरवाही का खुलासा नागपुर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे ने सदन की कार्यवाही के दौरान किया। जिसके बाद मुंबई में चल रहे मानसून सत्र में हंगामा देखने को मिला, विधायक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने मामले की जांच का आदेश दिया है।

विकास ठाकरे ने उठाए गंभीर सवाल

विधायक विकास ठाकरे ने सदन में इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने पूछा कि जिस राज्य में जनता का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायकों को ही सुरक्षित भोजन नहीं मिल पा रहा, वहां सरकार करोड़ों आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेगी? उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लापरवाही वीआईपी (VIP) क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ने का पुख्ता प्रमाण है।

राहुल नार्वेकर ने दिए जांच के आदेश

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस बेहद संवेदनशील और गंभीर घटना का तत्काल संज्ञान लिया। अध्यक्ष ने इसे विधायकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराने के आधिकारिक आदेश जारी किए। उन्होंने कैंटीन प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए विधानसभा स्तर पर तुरंत नए स्वच्छता प्रोटोकॉल लागू करने के निर्देश दिए।

संजय गायकवाड़ का पुराना विवाद आया चर्चा में

इस ताजा लापरवाही ने पिछले साल की एक ऐसी ही बहुचर्चित और हिंसक घटना की यादें ताजा कर दी हैं। पिछले साल जुलाई में शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक संजय गायकवाड़ ने अपने सरकारी आवास की कैंटीन में बेहद घटिया और बासी खाना परोसे जाने पर भारी हंगामा किया था। उन्होंने दाल से आ रही भयंकर दुर्गंध से नाराज होकर कैंटीन के जिम्मेदार कर्मचारियों की सरेआम पिटाई कर दी थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com