लाडली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी, तीन महीने की 4,500 रुपये की राशि एक साथ मिलेगी

Ladki Bahin Yojana: महाराष्ट्र सरकार लाडली बहन योजना की पात्र महिलाओं को नवंबर, दिसंबर और जनवरी की तीन किस्तों के कुल 4,500 रुपये एक साथ सीधे बैंक खाते में देने की तैयारी कर रही है।
Ladli Bahin 4500 payment
Maharashtra women scheme (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai News: विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली लाडली बहनों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। राज्य सरकार लाडली बहन योजना की पात्र लाभार्थी महिलाओं को तीन महीनों की किस्त के कुल 4,500 रुपये एक साथ देने की तैयारी कर रही है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, नवंबर और दिसंबर महीने की किस्त से वंचित रहीं लाभार्थी महिलाओं को नवंबर, दिसंबर और जनवरी तीन महीनों की राशि एकमुश्त प्रदान की जाएगी। यह राशि सीधे पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से जमा की जाएगी।

कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे

विधानसभा चुनाव 2024 से पहले शुरू की गई इस योजना के तहत राज्य सरकार पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। हालांकि, ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में महिलाओं की किस्तें रोक दी गई थीं। कुछ मामलों में ई-केवाईसी पूरी करने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ, जिससे महिलाओं में नाराजगी देखी गई और कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे।

फिर से होगी पात्रता की जांच

ई-केवाईसी को लेकर हुई अव्यवस्था के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने योजना का लाभ पारदर्शी रूप से जारी रखने के लिए घर-घर जाकर लाभार्थियों की जांच के निर्देश दिए हैं। इस प्रक्रिया में उन महिलाओं की भी पुनः जांच की जाएगी, जो नियमों व शर्तों के अनुरूप नहीं होने के बावजूद पात्रता सूची में शामिल हो गई थीं। इसके अलावा, भविष्य में लाडली बहन योजना की मासिक सहायता राशि को 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,100 रुपये किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com