टीसी की सतर्कता से बची महिला यात्री की जान, चलती लोकल से गिरी बुजुर्ग महिला, कुर्ला स्टेशन की घटना

Mumbai Local Train: कुर्ला स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात टीसी जॉन पॉल की सतर्कता से चलती लोकल ट्रेन से गिरती एक बुजुर्ग महिला की जान बच गई, जिसकी सराहना मध्य रेल प्रशासन ने की है।
Kurla station incident
TC saves woman (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Kurla Station Incident: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में चढ़ते-उतरते समय जरा-सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है। कई बार कुछ लोग देवदूत की तरह आगे आकर यात्रियों की जान बचा लेते हैं। ऐसी ही एक घटना मध्य रेल के कुर्ला रेलवे स्टेशन पर सामने आई, जहां प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात एक टीसी की सतर्कता से चलती लोकल से गिरती महिला यात्री की जान बच गई।

मध्य रेल की ओर से जारी सीसीटीवी फुटेज में कमर्शियल क्लर्क कम टिकट कलेक्टर (सीसीटीसी) जॉन पॉल असाधारण बहादुरी का परिचय देते हुए एक यात्री की जान बचाते नजर आए। बताया गया कि यह घटना 7 फरवरी की है। पॉल कुर्ला स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात थे।

बहादुरी का परिचय

दोपहर करीब 12:30 बजे सीएसएमटी जाने वाली एक लोकल ट्रेन कुर्ला स्टेशन पर रुकी और फिर चलने लगी। जैसे ही ट्रेन ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी, चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही एक बुजुर्ग महिला का पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर गईं। यह देखकर पॉल तुरंत मदद के लिए दौड़े और महिला को चलती ट्रेन से खींचकर सुरक्षित स्थान पर ले आए, जिससे उनकी जान बच गई। इस दौरान उन्हें कंधे में मोच भी आ गई।

यात्रियों से सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील

घटना से सदमे में आई महिला यात्री बेबी भास्कर गायकर को टिकट कलेक्टर कार्यालय में बैठाकर पानी पिलाया गया। उनके परिजनों को सूचना दी गई और बाद में उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया। जान बचने से भावुक हुईं बेबी भास्कर ने जॉन पॉल और रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया। मध्य रेल प्रशासन ने जॉन पॉल की सतर्कता और साहस की सराहना करते हुए लोकल यात्रियों से सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com