मालवणी में 'स्कूल जिहाद' पर बवाल! किरीट सोमैया ने लगाए गंभीर आरोप, 14 स्कूलों के नाम आए सामने; FIR दर्ज

Kirit Somaiya School Alleges Jihad Malad Malvani: मालवणी में 'स्कूल जिहाद' पर भारी बवाल। किरीट सोमैया के आरोपों के बाद 14 अवैध स्कूलों पर FIR दर्ज। BMC की शिकायत पर पुलिस की आधी रात को बड़ी कार्रवाई।
kirit somaiya alleges school jihad fir against 14 illegal schools in malvani mumbai
किरीट सोमैया ने किए स्कूल जिहाद के आरोप (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

FIR Against 14 Illegal Schools In Malvani: महाराष्ट्र की राजनीति में ऑपरेशन टाइगर के शोर के बीच अब एक नया और चौंकाने वाला मुद्दा सामने आया है स्कूल जिहाद। भाजपा के कद्दावर नेता किरीट सोमैया ने मुंबई के मालवणी इलाके में चल रहे अवैध स्कूलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, जिससे न केवल शिक्षा जगत बल्कि स्थानीय राजनीति में भी खलबली मच गई है।

मालवणी पुलिस स्टेशन में आधी रात को बड़ी कार्रवाई

18 जून 2026 को मालवणी पुलिस स्टेशन में एक बेहद महत्वपूर्ण प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई बृहन्मुंबई नगर पालिका के शिक्षा विभाग की अधिकारी निशा लक्ष्मीकांत यादव की शिकायत पर की गई है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223, 3(5) और बालकों का मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 18 के तहत केस दर्ज किया है।

क्या है स्कूल जिहाद का पूरा मामला?

किरीट सोमैया ने इस पूरी कार्रवाई को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे 'स्कूल जिहाद' करार दिया है। उनका आरोप है कि मालवणी जैसे संवेदनशील इलाकों में सुनियोजित तरीके से बिना किसी सरकारी अनुमति के स्कूल चलाए जा रहे हैं। ये संस्थान न केवल नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं। दस्तावेजों के अनुसार, बीएमसी के सर्वेक्षण में शैक्षणिक वर्ष 2025-2026 के लिए कुल 164 प्राथमिक स्कूल अनधिकृत पाए गए थे। इनमें से 14 स्कूल अकेले मालवणी इलाके के हैं, जिन्हें बार-बार नोटिस देने के बाद भी बंद नहीं किया गया था, जिसके बाद अब यह सख्त पुलिसिया कार्रवाई की गई है।

शिकंजे में आए मालवणी के ये 14 चर्चित स्कूल

सोमैया द्वारा साझा की गई सूची के अनुसार, इन अवैध स्कूलों में कई बड़े नाम शामिल हैं:

  • जील इंग्लिश स्कूल (मोनिया मस्जिद)
  • कॉसमॉस इंग्लिश स्कूल (ख्वाजा चौक)
  • इंडियन ग्लोरी इंग्लिश स्कूल
  • लिटिल वर्ल्ड इंग्लिश स्कूल
  • फादर अब्राहम इंग्लिश स्कूल
  • लिटिल वंडर्स स्कूल
  • रोज मेरी इंग्लिश स्कूल
  • साधना हाई स्कूल
  • आई.एस.एम. इंग्लिश स्कूल
  • एम.एच. इंग्लिश स्कूल
  • क्रेसेंट इंग्लिश स्कूल
  • हैप्पी वैली इंग्लिश स्कूल
  • अचीवर्स लर्निंग कैंपस
  • दयासागर स्कूल

शिक्षा माफिया बनाम शासन: आर-पार की जंग

निशा यादव के बयान के मुताबिक, इन स्कूलों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को बार-बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने नियमों को ठेंगे पर रखा। अब इस एफआईआर के बाद इन स्कूलों पर ताला लगना तय माना जा रहा है।

राजनीति की नई पिच?

किरीट सोमैया द्वारा स्कूल जिहाद जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना इस प्रशासनिक कार्रवाई को एक बड़ा राजनीतिक और धार्मिक मोड़ देता दिख रहा है। क्या यह शिक्षा के नाम पर चल रहे अवैध धंधे पर प्रहार है या फिर आने वाले चुनावों के लिए एक नई बिसात? फिलहाल, मालवणी की सड़कों पर इन स्कूलों के खिलाफ हुई कार्रवाई चर्चा का मुख्य केंद्र बनी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com