‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर सजा खेतवाड़ी गणेश पंडाल, 32 फीट प्रतिमा बनी श्रद्धालुओं का आकर्षण

Mumbai News: मुंबई के खेतवाड़ी में गणेश पंडाल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर सजाया गया है। 32 फीट ऊंची प्रतिमा, सुदर्शन चक्र और तिरंगे संग श्रद्धालुओं को भक्ति और देशभक्ति का संदेश दे रही है।
'खेतवाड़ी के राजा' (pic credit; social media)
'खेतवाड़ी के राजा' (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Maharashtra News: मुंबई के खेतवाड़ी इलाके का गणेश उत्सव इस बार खास थीम के कारण सुर्खियों में है। ‘खेतवाड़ी के राजा’ के नाम से मशहूर गणेश मंडल ने इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को थीम बनाया है। मंडप में स्थापित 32 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

प्रतिमा में भगवान गणेश को तिरंगा ध्वज, सुदर्शन चक्र और सिंदूर की कटोरी पकड़े हुए दिखाया गया है। मूर्ति के चारों ओर मिसाइलें और सेना के पराक्रम को दर्शाने वाले बैनर लगाए गए हैं। मंडल ने यह झांकी भारत के सफल सैन्य अभियानों और देश की शक्ति-साहस को सम्मान देने के उद्देश्य से तैयार की है।

देशभक्ति का अनोखा संगम

‘ऑपरेशन सिंदूर’ से प्रेरित इस झांकी में वायु रक्षा कवच और लड़ाकू विमानों की झलक भी दिखाई गई है। श्रद्धालु जैसे ही पंडाल में प्रवेश करते हैं, उन्हें भक्ति के साथ-साथ देशभक्ति का गहरा अहसास होता है। लोग गणपति के दर्शन करते हुए सैनिकों के साहस पर गर्व महसूस कर रहे हैं। इसे भी पढ़ें- ठाणे के गणेशोत्सव पंडाल में 11 मारुतिराय के दर्शन, झांकियों के माध्यम से सामाजिक संदेश

मंडल का उद्देश्य

मंडल के सचिव विनायक मड़से और गोडसे ने बताया कि इस वर्ष मंडल अपनी स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। 1948 में स्थापित यह मंडल हर साल किसी सामाजिक या राष्ट्रीय विषय को थीम बनाकर श्रद्धालुओं को संदेश देता है। उनका कहना है कि गणेश उत्सव सिर्फ भक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और देश की जागरूकता का माध्यम भी है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़

पंडाल के अंदर गणपति बप्पा की भव्य प्रतिमा देखने दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। मंडप में हर रोज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंडल का कहना है कि इस बार की थीम का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोग समझें—देश की रक्षा करने वाले सैनिक किन परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं।

कुल मिलाकर खेतवाड़ी गणेश पंडाल इस बार भक्ति और देशभक्ति का अनोखा संगम प्रस्तुत कर रहा है, जहां गणपति के आशीर्वाद के साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वीरता को भी सलाम किया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com