करवा चौथ 2025: मुंबई-ठाणे के बाजार सजे, साड़ियों की खरीदारी में महिलाओं का उत्साह बढ़ा

Karwa Chauth 2025: मुंबई-ठाणे के बाजारों में करवा चौथ की तैयारियों का रंग देखने को मिल रहा है। महिलाएं साड़ियों की खरीदारी और सोलह श्रृंगार में जुटी हैं। करवा चौथ के उत्साह से बाजार की रौनक बढ़ी है।
करवा चौथ (pic credit; social media)
करवा चौथ (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Mumbai-Thane Markets: मुंबई और ठाणे में करवा चौथ की धूम अब बाजारों में दिखाई दे रही है। दस अक्टूबर को मनाया जाने वाला यह पर्व सुहागिनों के लिए सबसे खास माना जाता है। महिलाएं पहले ही तैयारियों में जुट गई हैं और साड़ियों की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है।

कालबादेबी, कुर्ला और दादर में खरीदारी की रौनक सबसे ज्यादा है। दुकानदारों के पास विभिन्न डिज़ाइन और रंगों की साड़ियों का अच्छा स्टॉक उपलब्ध है। इस साल रानी और धानी रंग की साड़ियां महिलाओं में खास लोकप्रिय हैं। मुकेश साड़ी एंड क्लाथ सेंटर के मालिक मुकेश जैन के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार बाजार में ज्यादा रौनक है।

करवा चौथ का व्रत पति की लंबी उम्र और सुख-शांति के लिए रखा जाता है। महिलाएं निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। पूजा से पहले महिलाएं सोलह श्रृंगार करती हैं। इसमें हाथों की रवी मेहदी, मांग में मंगलसूत्र, माथे पर बिंदी, गहनों में अंगूठी, झुमके, पायल और आलता शामिल हैं। हर वस्तु का अलग महत्व है और यह पति-पत्नी के बीच प्रेम और रिश्ते की मजबूती को दर्शाता है।

इस वर्ष करवा चौथ 10 अक्टूबर को रखा जाएगा। ज्योतिषाचार्य रवि गुरुजी के अनुसार, चतुर्थी तिथि 9 अक्टूबर की रात 2.49 बजे से शुरू होगी और 10 अक्टूबर की रात 12.24 बजे तक रहेगी। व्रत में चंद्रमा का विशेष महत्व है और अर्घ्य 10 अक्टूबर की रात 7.58 बजे दिया जाएगा।

करवा चौथ का पर्व बॉलीवुड फिल्मों में भी पुराना स्थान रखता है। ‘तुझमें रब दिखता है’, ‘रब ने बना दी जोड़ी’, ‘गली में आज चांद निकला’ जैसी फिल्मों में इसे धूमधाम से दिखाया गया है।

इस साल भी मुंबई-ठाणे के बाजार सजे हैं और महिलाओं का उत्साह देखने लायक है। सोलह श्रृंगार, साड़ियों की खरीदारी और पर्व की रौनक ने शहर में त्यौहार का माहौल पहले से ही बना दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com