

Kamala Nehru Park Old Womans Shoe Restoration: अधिकांश मुंबईकरों और पर्यटकों के लिए कमला नेहरू पार्क में स्थित 'ओल्ड वुमन्स शू' अपनी ऊंची जूते जैसी संरचना, छत और फीते के साथ कई प्यारी यादों से जुड़ा हुआ है।
अब बीएमसी ने हैगिंग गार्डन्स में स्थित इस सात दशक पुराने प्रतिष्ठित ढांचे की मरम्मत कर इसे पुनस्थापित करने की योजना बनाई है। करीब 7.29 लाख रुपये की लागत से पूरे ढांचे, जिसमें मुख्य जूता-आकार का घर, चिमनी ब्लॉक की छत, दरवाजे और खिड़कियों शामिल हैं, की मरम्मत की जाएगी, ताकि इसे जंग और क्षरण से सुरक्षित बनाया जा सके।
हैंगिंग गार्डन्स के सामने स्थित यह 'ओल्ड वुमन्स शू' संरचना लोकप्रिय अंग्रेजी नर्सरी राइम 'देयर वास एन ओल्ड वुमन हु लिवड इन ए शू' से प्रेरित है। इस संरचना का डिजाइन पूर्व बीएमसी पर्यावरण अधिकारी और नीरी के पूर्व इंजीनियर सोली आर्सीवाला ने तैयार किया था।
यह संरचना वर्ष 1952 में आम जनता के लिए खोली गई थी। इस प्रतिष्ठित स्थल के रखरखाव के लिए बीएमसी ने शुक्रवार को एक निविदा जारी की है, जिसमें बहु विषयक इंजीनियरिंग संगठनों को 'ओल्ड वुमन्स शू' संरचना की मरम्मत के लिए आमंत्रित किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक कार्य में मोजेक सीमेंट मार्बल, ग्रेनाइट, शाहाबाद या भारतीय पैटर्न के पत्थरों तथा ग्लेज्ड टाइल्स की फ्लोरिंग को हटाना शामिल होगा।
इसके अलावा, ठेकेदार को निर्मित हिस्सों में स्टील कार्य को हटाने, सुदृढीकरण बार (रीइन्फोर्समेंट) तक ढीले कंक्रीट को निकालने और सतहों से तेल, धूल तथा अन्य अशुद्धियों को हटाने का कार्य सौंपा जाएगा। इसके बाद परियोजना में जंग रोकने के लिए प्राइमर और एंटी-कोरोंसिव पेंट का उपयोग, ग्रिल्स और संशोधित सीमेंट मोर्टार का कार्य शामिल होगा।