IIT Bombay (सोर्स: सोश्ल मीडिया)
IIT Bombay Bullet Found: देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT बॉम्बे (पवई) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के हॉस्टल परिसर में एक छात्र के बैग से 7.65 एमएम के पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस घटना ने कैंपस की सुरक्षा और छात्रों की गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पवई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्वोत्तम आनंद सतीशचंद्र चौधरी (23) नामक छात्र के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
यह पूरा मामला महज एक आपसी विवाद से शुरू हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, IIT बॉम्बे के हॉस्टल नंबर-1 के ग्राउंड फ्लोर पर दो छात्रों, सूरज दुबे और अमन के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर तीखी बहस हो रही थी। सूचना मिलने पर जब सिक्योरिटी टीम रूम नंबर 93 और 89 में पहुंची, तो उन्हें सूरज दुबे और उसके दोस्त अपूर्व मिश्रा के पास से शराब की गंध आई।
कैंपस नियमों के उल्लंघन के शक में जब कमरों की सघन तलाशी ली गई, तो सूरज दुबे के कमरे में रखे एक काले बैग से “केएफ 7.65” मार्क वाले पांच जिंदा कारतूस मिले। इन कारतूसों की बाजार में कीमत करीब 3,500 रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान कड़ियां जुड़ती गईं। सूरज ने बताया कि बैग अपूर्व मिश्रा का है, जबकि अपूर्व ने खुलासा किया कि ये कारतूस उसके दोस्त सर्वोत्तम चौधरी के हैं। सर्वोत्तम, जो मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है, उसने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने ये कारतूस बिहार के मुंगेर से खरीदे थे। मुंगेर अवैध हथियारों के निर्माण के लिए जाना जाता है, जिससे पुलिस अब एक बड़े नेटवर्क की आशंका जता रही है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार! दोनों सदन में विपक्ष के नेताओं के बिना शुरू होगा विधानमंडल का बजट सत्र
पवई पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या सर्वोत्तम ने पहले भी किसी को कारतूस सप्लाई किए हैं और उसका असल मकसद क्या था। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल रिकॉर्ड्स खंगालने शुरू कर दिए हैं और एक विशेष टीम का गठन किया है जो कारतूस बेचने वाले मुख्य सप्लायर की तलाश करेगी।