

IIT Bombay Professor Suryanarayana Dula Suspended: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) बॉम्बे में द्वितीय वर्ष के 19 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। संस्थान ने साहिल की मौत से जुड़े घटनाक्रम पर पहले दिए गए अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। इसके साथ ही, विवादों में घिरे डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स, प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
आईआईटी बॉम्बे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आधिकारिक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि घटना से पहले के हालात की जांच फिलहाल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
संस्थान ने अपनी पोस्ट में लिखा, "साहिल की दुर्भाग्यपूर्ण मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में हमारे पिछले संदेश में कही गई बातों के लिए हम माफी मांगते हैं। इस घटना से जुड़ी जानकारी और हालात की जांच अभी संबंधित अधिकारियों द्वारा की जानी बाकी है। चल रही जांच को देखते हुए, उनकी मौत से पहले हुई घटनाओं के बारे में जानकारी देना या उनके बारे में कोई राय बनाना सही नहीं था, क्योंकि अभी तक जांच की सही प्रक्रिया से ये बातें पूरी तरह साबित नहीं हुई थीं।"
आईआईटी बॉम्बे के निदेशक शिरीष बी. केदारे ने स्पष्ट किया कि छात्र मामलों के डीन, प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई निष्पक्ष जांच के बाद की जाएगी। इसके अलावा, कैंपस में फैल रही इन अफवाहों का भी खंडन किया गया कि निदेशक शिरीष केदारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। संस्थान ने पुष्टि की है कि निदेशक अपने पद पर बने हुए हैं।
बता दें कि, शुक्रवार को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे को एग्जाम हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। शुरुआत में संस्थान की ओर से कहा गया था कि छात्र ने परीक्षा के सवालों के जवाब खोजने के लिए एआई टूल 'चैटजीपीटी' पर प्रश्न पत्र अपलोड किया था। उस दौरान प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला परीक्षा हॉल में इनविजिलेटर (निरीक्षक) के रूप में तैनात थे।
इस घटना के बाद साहिल वाकोडे ने 18 सितंबर को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। 19 सितंबर को साहिल के पिता रविंद्र की शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने एक्शन लेते हुए शनिवार को मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत निलंबित प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
मृतक छात्र साहिल के पिता रविंद्र वाकोडे ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे के साथ संस्थान में जाति के आधार पर भेदभाव किया जा रहा था। हालांकि, आईआईटी बॉम्बे प्रशासन ने इन शुरुआती आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि छात्र ने एससी-एसटी सेल या प्रशासन के पास ऐसी कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
19 वर्षीय होनहार छात्र की मौत की खबर फैलते ही आईआईटी बॉम्बे कैंपस में तनाव व्याप्त हो गया। 400 से अधिक छात्रों ने एकजुट होकर प्रशासनिक भवन के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों के भारी आक्रोश और निष्पक्ष जांच की मांग को देखते हुए संस्थान प्रशासन को जारी मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को तत्काल प्रभाव से स्थगित करना पड़ा।