मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई: 42 करोड़ की 'Hydroponic Weed' जब्त, 5 यात्री गिरफ्तार

Hydroponic Weed seized: मुंबई कस्टम्स ने बैंकॉक से आए 5 यात्रियों से 42.898 किलो हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया है। जिसकी कीमत 42.89 करोड़ रुपये है। सभी आरोपियों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
Hydroponic Weed seized
हाइड्रोपोनिक वीड (सोर्स: साेशल मीडिया)
Published on
Updated on

International Drugs Smuggling: मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक बड़ी ड्रग्स तस्करी का पर्दाफाश करते हुए 5 यात्रियों को पकड़ा है। कस्टम्स जोन-के के अधिकारियों ने कुल 42.898 किलो हाइड्रोपोनिक वीड जब्त की, जिसकी कीमत काले बाजार में करीब 42.89 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक बार फिर बड़ी तस्करी का पर्दाफाश किया है। कस्टम्स जोन-के के अधिकारियों ने बीते दिनों की जांच में कुल 5 यात्रियों से 42.898 किलो हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई यात्रियों की मूवमेंट, व्यवहार, और प्रोफाइलिंग के आधार पर की गई। बरामद ड्रग्स की कीमत लगभग 42.89 करोड़ रुपये आंकी गई है।

हाल के दिनों में बैंकॉक रूट से ड्रग्स की तस्करी बढ़ने के संकेत मिले थे, जिसके बाद कस्टम टीम सतर्क थी। लगातार निगरानी और अनुभव के आधार पर अधिकारियों ने इन पांचों यात्रियों को चिन्हित किया और तलाशी में भारी मात्रा में ड्रग्स मिला।

अलग-अलग फ्लाइट से आए थे तीन यात्री

कस्टम टीम ने सबसे पहले तीन अलग-अलग मामलों में बैंकॉक से मुंबई आए तीन यात्रियों को रोका। जांच में उनके बैग से कुल 33.888 किलो संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड मिला। अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए तीनों यात्री अलग-अलग फ्लाइट से आए थे, लेकिन तस्करी का तरीका और पैटर्न लगभग एक जैसा था। यह ड्रग आमतौर पर कंट्रोल्ड वातावरण में हाई–क्वालिटी तकनीक से तैयार किया जाता है, इसलिए इसका दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी ज्यादा होता है। तीनों यात्रियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

विशिष्ट सूचना पर थाई एयरवेज के दो यात्री धरे गए

इसी दौरान, कस्टम विभाग को एक और विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली कि बैंकॉक से आने वाली थाई एयरवेज की फ्लाइट में दो यात्री बड़ी मात्रा में ड्रग लेकर पहुंच सकते हैं। जब यह फ्लाइट मुंबई उतरी, तो टीम पहले से ही तैनात थी। संदिग्ध लगने पर दोनों यात्रियों को रोककर उनके सामान की जांच की गई। इस तलाशी के दौरान 9.010 किलो हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया गया। इस खेप की क़ीमत लगभग 9.01 करोड़ रुपये आंकी गई। दोनों आरोपियों को भी तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

अंतर्राष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर शक

कुल मिलाकर चार मामलों में 42.898 किलो हाइड्रोपोनिक वीड की बरामदगी हुई है। जांच एजेंसियों को शक है कि ये यात्री किसी अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। कस्टम्स विभाग अब इनसे जुड़े मॉड्यूल और सप्लाई चेन खंगाल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस घटना के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने बैंकॉक रूट पर अतिरिक्त निगरानी भी बढ़ा दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com