मुंबई में बनेगा एशिया का सबसे बड़ा GCC; ब्रुकफील्ड करेगा 1 अरब डॉलर का निवेश, 45000 नौकरियां मिलेंगी

Brookfield Investment India: ब्रुकफील्ड प्रॉपर्टीज महाराष्ट्र में 1 अरब डॉलर से अधिक निवेश कर पवई में एशिया की सबसे बड़ी 20 लाख sq ft GCC सुविधा बनाएगी, जिससे 45,000 से अधिक नौकरियां मिलेंगी।
Devendra fadnavis
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

GCC Centre In Powai By Brookfield: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को बताया कि वैश्विक निवेश कंपनी ब्रुकफील्ड प्रॉपर्टीज महाराष्ट्र में एक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) सुविधा स्थापित करने के लिए एक अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश करने जा रही है। उन्होंने बताया कि यह सुविधा एशिया में सबसे बड़ी होगी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों के साथ बातचीत में इस बड़े निवेश की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उन्होंने ब्रुकफील्ड के प्रमुख अधिकारियों के साथ चर्चा की और वे 20 लाख वर्ग फुट की जीसीसी सुविधा स्थापित करने पर सहमत हुए हैं। फडणवीस के अनुसार, यह नया ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर न केवल एशिया में सबसे बड़ा होगा, बल्कि संभवत: दुनिया में भी सबसे बड़ा होगा। यह निवेश महाराष्ट्र राज्य में रोजगार के बड़े अवसर पैदा करेगा। फडणवीस ने कहा कि यह निवेश एक अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक होगा।

45,000 नौकरियों के अवसर

सीएम फडणवीस ने जोर देकर कहा कि इस एक ही परियोजना से कुल 45,000 नौकरियां उत्पन्न होंगी। रोजगार सृजन के संबंध में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि इस सुविधा से 15,000 से अधिक प्रत्यक्ष नौकरियां सृजित होंगी और अप्रत्यक्ष रूप से 30,000 अन्य नौकरियों को समर्थन मिलेगा।

मुंबई के पवई में होगा केंद्र स्थापित

इस परियोजना के स्थान के संबंध में, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने ब्रुकफील्ड के अंकुर गुप्ता से मुलाकात की। अधिकारियों के अनुसार, ब्रुकफील्ड की यह विशाल सुविधा उपनगरीय पवई में स्थापित की जाएगी।

यह निवेश वैश्विक निवेश एवं परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी ब्रुकफील्ड एसेट मैनेजमेंट की भारत में बढ़ती महत्वाकांक्षाओं के अनुरूप है। कंपनी ने इसी साल मई में कहा था कि उसका लक्ष्य अगले पांच वर्ष में भारत में अपनी प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (एयूएम) को तीन गुना से अधिक बढ़ाकर 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है। इस विशाल जीसीसी की स्थापना भारत में कंपनी के बढ़ते महत्व को दर्शाती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com