17 हजार करोड़ की लागत से अलीबाग में बनेगी लग्जरी टाउनशिप, हीरानंदानी बना रहे पहली प्राइवेट जेट्टी

Private Jetty Alibaug: अलीबाग में हीरानंदानी कम्युनिटीज द्वारा ₹17,000 करोड़ की लागत से भारत की सबसे बड़ी एकीकृत टाउनशिप 'हीरानंदानी सैंड्स' का शुभारंभ, कनेक्टिविटी व सुविधाओं का संगम।
hiranandani-sands-township-launch-in-alibaug-indias-largest-integrated-project
हीरानंदानी
Published on: 
Updated on: 

Mumbai News: मुंबई, नवी मुंबई के बाद अब नैना परिसर व रायगढ़ जिले में तीसरी मुंबई तेजी से आकार ले रही है। इस इलाके में इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लेकर एमटीएचएल सहित कई इंफ्रा प्रोजेक्ट पूरे होने से रिहायशी इलाके भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में अलीबाग के समुद्री किनारे पर डॉ. निरंजन हीरानंदानी के नेतृत्व वाली हीरानंदानी कम्युनिटीज ने भारत की सबसे बड़ी बहुद्देश्यीय एकीकृत टाउनशिप 'हीरानंदानी सैंड्स' का शुभारंभ किया है, जिसकी अनुमानित लागत 17,000 करोड़ रुपये बताई गई है।

पहले चरण में 3.3 लाख वर्ग फुट क्षेत्र

डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने बताया कि टाउनशिप के पहले चरण में 3.3 लाख वर्ग फुट क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इनमें स्टूडियो से लेकर 3 बीएचके तक के 330 फ्लैट की बुकिंग हो चुकी है, जिनकी सकल बिक्री 450 करोड़ रुपये की है। 225 एकड़ में फैली इस टाउनशिप को मुंबई के लाइफस्टाइल एक्सटेंशन हब के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें दुनिया भर के खरीदारों की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए डिज़ाइन किए गए लग्ज़री घर, सिग्नेचर विला, प्लॉटेड डेवलपमेंट और ब्रांडेड सर्विस्ड अपार्टमेंट शामिल हैं।

निजी जेट्टी का निर्माण

यह अलीबाग का पहला प्राइवेट टाउनशिप होगा, जहां निवासियों को निजी बीचफ्रंट और प्राइवेट जेटी उपलब्ध होगी। हीरानंदानी ग्रुप इस टाउनशिप के रहिवासियों के लिए अलग से जेट्टी का निर्माण करेगा, ताकि मुम्बई नवी मुंबई से लोग सीधे टाउनशिप तक पहुंच सकें। इसके साथ इस टाउनशिप में लक्ज़री, बिज़नेस सेंटर, फाइव स्टार होटल, विशाल कन्वेंशन सेंटर, इको-वेलनेस हब, वेडिंग हॉल, समुद्र तट पर मनोरंजन और एक वैश्विक शैली का यॉट क्लब होगा। कंपनी साल के अंत तक अलीबाग में सबसे बड़े वाटर स्पोर्ट्स केंद्रों में से एक की शुरुआत करेगी।

27 एकड़ का आरक्षित वन

बताया गया कि हीरानंदानी सैंड्स टाउनशिप में 27 एकड़ का आरक्षित वन है, जिसमें 7,000 से अधिक पेड़ लगे हैं और यह 100 एकड़ प्राकृतिक आर्द्रभूमि के निकट है। हीरानंदानी कम्युनिटीज के संस्थापक और एमडी डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से पूरे इलाके में लास्ट माइल कनेक्टिविटी में सुधार, समुद्र, सड़क, रेल और हवाई मार्ग से पहुँच आसान होने वाला है। आगामी मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएँ मुंबई, एमएमआर और नवी मुंबई से संपर्क को और मजबूत करेंगी, जिससे अलीबाग कल के पसंदीदा फर्स्ट-होम डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित होगा। इसके साथ इस एकीकृत टाउनशिप परियोजना में निवेश करने वालों को 50% स्टांप ड्यूटी की रियायत मिल रही है।

अलीबाग में स्थायी पर्यटन

अलीबाग से कनेक्टिविटी बढ़ने पर महाराष्ट्र सरकार का ध्यान भी यहां स्थायी पर्यटन और जीवनशैली-आधारित रियल एस्टेट केंद्र के रूप में बदलने पर गया है। प्रमुख इंफ्रा प्रोजेक्ट में मुंबई से रेवदंडा तक रो-रो फेरी का विस्तार, कोलाबा में प्रस्तावित रेडियो क्लब जेटी, करंजे-रेवास सी ब्रिज, विरार-अलीबाग मल्टीमॉडल कॉरिडोर, अटल सेतु और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं। इन इंफ्रा परियोजनाओं से आने वाले समय में अलीबाग में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के साथ लग्जरी रहिवासी इलाके भी बढ़ने वाले हैं।

 -मुंबई से सूर्यप्रकाश मिश्र की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com