

Girish Mahajan Clarification On Morphed Photo Controversy: महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता गिरीश महाजन की एक युवती के साथ सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हो रही है। इससे राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। इस विवाद पर अब खुद मंत्री महाजन ने चुप्पी तोड़ी है।
बुलढाणा में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री गिरीश महाजन ने वायरल हो रही तस्वीर पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विरोधियों के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह तस्वीर पूरी तरह से 'मॉर्फ्ड' है। महाजन ने कहा कि उनकी छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई है।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से कुछ तस्वीरें पोस्ट की, जिसमें बीजेपी नेता और मंत्री गिरीश महाजन एक युवती के साथ दिख रहे हैं। अंधारे में तस्वीरें पाेस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा "अरे, यह चेहरा जाना-पहचाना लग रहा है... हे भगवान... यह तो बहुत बुरा है...।"
इसके बाद यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी और इस पर बहस छिड़ गई। कोई गिरीश महाजन का इस्तीफा मांग रहा है तो कोई उनके समर्थन पर उतर गया है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे AI से एडिटेड फोटो बताया।
सोशल मीडिया पर युवती के साथ वायरल हो रही तस्वीरों पर अब मंत्री गिरीश महाजन ने चुप्पी तोड़ते हुए इसका सच बताया है। उन्होंने कहा कि इस तस्वीरों के छेड़छाड़ की गई है। यह पूरी तरह से 'मॉर्फ्ड' तस्वीरें हैं। महाजन ने कहा कि मुझे नहीं पता कि यह फोटो किसने और कैसे मॉर्फ की है, लेकिन यह सरासर गलत है। मैंने इस मामले में मुंबई पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि वे इस बारे में विस्तार से बताएंगे। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा छवि खराब करने के लिए लोगाें की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही है। सही फोटो का बैकग्राउंड हटाकर उसमें आपत्तिजनक तस्वीरें जोड़कर वायरल की जा रही है। अब विपक्ष के पास यही काम बचा है।