गुलाबराव पाटील की लातूर से वापसी की हवाई उड़ान रद्द , अजीत पवार की विमान दुर्घटना के बाद बढ़ी सतर्कता

Gulabrao Patil: अजीत पवार की विमान दुर्घटना के बाद बढ़ी सतर्कता के बीच महाराष्ट्र के मंत्री गुलाबराव पाटील को लातूर से हवाई उड़ान की अनुमति नहीं मिली, जिसके कारण उनकी यात्रा रद्द करनी पड़ी।
flight cancellation
Gulabrao Patil (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Latur Flight Cancellation: महाराष्ट्र के मंत्री गुलाबराव पाटील की लातूर से वापसी की प्रस्तावित हवाई उड़ान बुधवार को रद्द करनी पड़ी। जिला परिषद चुनाव प्रचार के सिलसिले में लातूर दौरे पर आए मंत्री पाटील को आवश्यक हवाई क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण सड़क मार्ग से छत्रपति संभाजीनगर की ओर रवाना होना पड़ा।

एवोसेट एविएशन कंपनी के छह सीटों वाले विमान को लातूर हवाई अड्डे से शाम साढ़े चार बजे उड़ान भरनी थी। इसके लिए हैदराबाद, बीदर और चेन्नई से आवश्यक क्लीयरेंस की शाम पांच बजे तक प्रतीक्षा की गई, लेकिन निर्धारित समय तक अनुमति नहीं मिलने पर पायलट ने उड़ान भरने में असमर्थता जताई। साथ ही, लातूर हवाई अड्डे पर शाम के समय उड़ान संचालन की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण हवाई यात्रा रद्द करने का निर्णय लिया गया।

मंत्री गुलाबराव पाटील को नहीं मिला हवाई क्लीयरेंस

राज्य के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान दुर्घटना में असमय मृत्यु के बाद से राज्य के वरिष्ठ नेता, मुख्यमंत्री और मंत्री हवाई यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की बैठक के लिए बारामती जाते समय हुई विमान दुर्घटना में अजीत पवार के निधन के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई थी। तीन दिन के शासकीय शोक के बाद अब राजनीतिक दलों ने दोबारा प्रचार अभियान शुरू किया है। वर्तमान में जिला परिषद चुनाव प्रचार अंतिम चरण में है और कई मंत्री विमान एवं हेलीकॉप्टर से यात्रा कर रहे हैं।

पंकजा मुंडे के हेलीकॉप्टर में भी आई थी तकनीकी खराबी

दो दिन पहले भाजपा नेता पंकजा मुंडे के हेलीकॉप्टर में भी तकनीकी खराबी पाई गई थी, जिसके बाद उनके लिए वैकल्पिक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई। छत्रपति संभाजीनगर से उड़ान भरने से पहले ही हेलीकॉप्टर में खराबी का पता चला था। पंकजा मुंडे ने बताया कि वे सुबह साढ़े दस बजे उड़ान भरने वाली थीं, लेकिन उन्हें सूचित किया गया कि जिस हेलीकॉप्टर का वे उपयोग कर रही थीं, उसमें तकनीकी समस्या है।

उन्होंने कहा, “मुझे पहले ही महसूस हुआ था कि हेलीकॉप्टर पुराना है। बाद में दूसरा हेलीकॉप्टर भेजे जाने की जानकारी दी गई।” उन्होंने आगे कहा, “अजीतदादा के हादसे और निधन के बाद यह सोचकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं कि उस समय विमान में मौजूद लोगों ने कितनी भयावह स्थिति का सामना किया होगा।”

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com