

Girgaon Power Crisis: गिरगांव क्षेत्र में बार-बार हो रही बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाओं को लेकर कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने नगरसेविका स्नेहल तेंदुलकर और 'बेस्ट' (बीईएसटी) अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक गिरगांव वासियों को पूर्ण राहत नहीं मिल जाती, इस मुद्दे पर कार्रवाई जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री लोढ़ा ने कार्य में हो रही देरी, समन्वय की कमी और लापरवाही को लेकर संबंधित अधिकारियों से कड़े शब्दों में जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को होने वाली असुविधा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि काम अधूरा छोड़ा गया तो वे स्वयं धरना आंदोलन करेंगे। नगरसेविका स्नेहल तेंदुलकर ने भी नागरिकों के मुद्दों पर विरोध दर्ज कराने की चेतावनी दी।
मरीन लाइन्स पुल के पास बेस्ट स्टेशन के निकट 33,000 वोल्ट की वायरिंग में खराबी पाई गई है। यह लाइन रेलवे पटरियों के नीचे से गुजरती है, इसलिए मरम्मत में समय लगने की संभावना है। फिलहाल विभिन्न स्थानों से 11,000 वोल्ट की बिजली आपूर्ति डायवर्ट की गई है।
मंत्री लोढ़ा के निर्देश पर गिरगाव गायवाडी में बेस्ट की एक विशेष बस तैनात की जाएगी, जिससे नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। मरम्मत कार्य के कारण बने सड़क गड्ढों को तत्काल भरने के भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। आने वाले महीनों में पूरे गिरगांव क्षेत्र में बिजली मांग का व्यापक सर्वेक्षण किया जाएगा और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सबस्टेशन स्थापित किए जाएंगे। एक सप्ताह के भीतर ताड़देव बेस्ट डिवीजन से डी और सी विभागों के लिए समर्पित मरम्मत वाहन तैनात किए जाएंगे और नागरिकों को संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।