शरद पवार से मिले गौतम अदाणी, उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज
Mumbai News: गौतम अदाणी ने शरद पवार से मुलाकात की, उपराष्ट्रपति चुनाव के एजेंडे पर चर्चा की अटकलें। पवार इंडिया गठबंधन उम्मीदवार के समर्थक हैं, जबकि एनडीए ने सी.पी. राधाकृष्णन को उतारा है।
- Written By: सोनाली चावरे
शरद पवार, गौतम अदाणी (pic credit; social media)
Gautam Adani met Sharad Pawar: उद्योगपति गौतम अदाणी ने गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकां) अध्यक्ष शरद पवार से उनके सिल्वर ओक स्थित निवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उपराष्ट्रपति चुनाव इसके केंद्र में हो सकता है।
सूत्रों का कहना है कि उपराष्ट्रपति चुनाव में संभावित समीकरणों को लेकर अदाणी और पवार के बीच बातचीत हुई होगी। हालांकि इसकी पुष्टि किसी भी पक्ष ने नहीं की है। मौजूदा हालात में उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर दोनों गठबंधनों में रणनीति बनाई जा रही है। एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि इंडिया गठबंधन ने बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है।
शरद पवार ने सार्वजनिक तौर पर इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार का समर्थन किया है। लोकसभा में उनके पास आठ सांसद हैं, जो इस चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पवार से संपर्क साधकर एनडीए उम्मीदवार के समर्थन की अपील की थी, लेकिन पवार ने मना कर दिया। इसी पृष्ठभूमि में अदाणी की मुलाकात को लेकर अटकलें और भी बढ़ गई हैं।
सम्बंधित ख़बरें
इंस्टाग्राम प्यार के लिए सीमा पार? अवैध एंट्री पर पुलिस एक्शन, जलगांव में बांग्लादेशी युवती गिरफ्तार
महाराष्ट्र में लू का कहर, संभाजीनगर में सबसे मरीज, 236 केस और 6 मौतों से बढ़ी चिंता; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
पीएम की अपील: ईंधन बचाने पर जोर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और ऑनलाइन मीटिंग्स पर महाराष्ट्र सरकार का फोकस
‘त्याग का समय आ गया’, पीएम मोदी पर कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल का तीखा वार; बयान से राजनीति गरमाई
यह भी पहली बार नहीं है जब अदाणी और पवार आमने-सामने आए हों। साल 2023 में पवार ने गुजरात के चाचरवाड़ी स्थित अदाणी के पहले लैक्टोफेरिन प्लांट का उद्घाटन किया था। इसके अलावा, अजित पवार ने यह खुलासा भी किया था कि एक मौके पर एनडीए में राकां के शामिल होने को लेकर अदाणी के घर पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ बैठक हुई थी।
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता और विपक्ष में इंडिया गठबंधन के प्रमुख चेहरे राहुल गांधी, अदाणी समूह के प्रखर आलोचक रहे हैं। इसके बावजूद शरद पवार ने अदाणी के साथ अपने संबंध बनाए रखे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पवार की यह रणनीति उनकी अलग तरह की कूटनीति का हिस्सा है, जिससे वे विरोध और संवाद दोनों को साथ लेकर चलते हैं।
