CM देवेंद्र फडणवीस ने खांडगे को धनादेश सौंपा, लंदन में बनेगा 'महाराष्ट्र भवन', 5 करोड़ मंजूर

Mumbai News: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लंदन में बनने वाले ‘महाराष्ट्र भवन’ के लिए 5 करोड़ रुपये का धनादेश सुपुर्द किया। यह भवन मराठी प्रवासी समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगा।
लंदन में बनेगा महाराष्ट्र भवन (pic credit; social media)
लंदन में बनेगा महाराष्ट्र भवन (pic credit; social media)
Updated on

Maharashtra News: लंदन में बसे मराठी समाज के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सपना अब साकार होने जा रहा है। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘महाराष्ट्र भवन’ के लिए 5 करोड़ रुपये का धनादेश महाराष्ट्र मंडल लंदन के ट्रस्टी वैभव खांडगे को सौंपा।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, उद्योग व मराठी भाषा मंत्री उदय सामंत, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, जलसंपदा मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटील, चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन, वन मंत्री गणेश नाईक, शालेय शिक्षा मंत्री दादा भुसे और मुख्य सचिव राजेश कुमार भी मौजूद थे।

कार्यक्रम में बोलते हुए महाराष्ट्र मंडल लंदन के ट्रस्टी वैभव खांडगे ने महाराष्ट्र सरकार और विशेष रूप से उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंदन में मराठी समाज के लिए अपना सांस्कृतिक भवन होना वर्षों पुरानी मांग थी और यह क्षण मराठी समाज के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है।

महाराष्ट्र मंडल लंदन की स्थापना वर्ष 1932 में हुई थी। इसकी नींव महात्मा गांधी के निजी सचिव डॉ. एन.सी. केलकर ने रखी थी। यह संस्था भारत से बाहर स्थापित सबसे पुरानी मराठी संस्था मानी जाती है। लंदन में रह रहे मराठी समाज ने कई दशकों से इस भवन की मांग की थी, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन और मराठी भाषा-संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए मंच उपलब्ध हो सके।

‘महाराष्ट्र भवन’ का निर्माण न केवल लंदन में मराठी समाज की पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि भारत और ब्रिटेन के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को भी नई दिशा देगा। कार्यक्रम में मौजूद मंत्रियों ने भी इसे महाराष्ट्र और मराठी प्रवासी समाज के लिए गर्व का विषय बताया।

सरकार की इस पहल से मराठी प्रवासी समाज में उत्साह का माहौल है और माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में यह भवन प्रवासियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com