Mumbai News: गणेशोत्सव में कोंकण जाने वालों के लिए 262 विशेष ट्रेन, 1.17 लाख से अधिक यात्रियों ने कराया आरक्षण

Ganeshotsav Special Trains: गणेशोत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों के लिए मध्य रेल 262 विशेष ट्रेनें चलाएगी। इन ट्रेनों में अब तक 1,17,682 यात्रियों ने आरक्षण कराया है।
ganeshotsav konkan 262 special trains central railway
गणेशोत्सव स्पेशल ट्रेन(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai To Konkan Special Trains: गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मध्य रेल ने मुंबई, पुणे और नागपुर से कोंकण क्षेत्र के लिए कुल 262 गणपति विशेष ट्रेन सेवाओं की घोषणा की है। रेलवे का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराना, भीड़ कम करना तथा सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना है।

200 आरक्षित ट्रेनें

मध्य रेल के अनुसार, 262 विशेष सेवाओं में 200 आरक्षित और 62 अनारक्षित ट्रेन सेवाएं शामिल हैं। 200 आरक्षित विशेष ट्रेनों में एसी तथा एसी, स्लीपर और जनरल कोचों के मिश्रित संयोजन वाली ट्रेनें शामिल हैं। इनमें सावंतवाड़ी रोड के लिए आने-जाने की 112 सेवाएं, रत्नागिरी के लिए 64 सेवाएं और मडगांव के लिए 24 सेवाएं निर्धारित की गई हैं। इन विशेष ट्रेनों का संचालन 9 सितंबर 2026 से शुरू होगा। रेलवे के मुताबिक, अब तक इन आरक्षित विशेष ट्रेनों में 1,17,682 यात्रियों ने आरक्षण करा लिया है।

ganeshotsav konkan 262 special trains central railway
मुंबई में विमुक्त दिवस पर डिप्टी CM एकनाथ शिंदे का ऐलान, 52 विमुक्त समाजों के लिए चलेगा देशव्यापी आंदोलन

स्टेशनों पर बढ़ाई जाएंगी सुविधाएं

गणपति उत्सव में बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांवों और कोंकण क्षेत्र की ओर जाते हैं। ऐसे में विशेष ट्रेनों से यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी। त्योहार के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने का निर्णय लिया है। टिकटिंग प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।

एनजीओ की मदद

इसके अलावा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की मदद से यात्रियों को निःशुल्क पेयजल, भोजन और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। विशेष ट्रेनों में व्यवस्थित बोर्डिंग के लिए कतार प्रबंधन किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त आरपीएफ जवानों और टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। विशेष ट्रेनों के समय, मार्ग और ठहराव की जानकारी भारतीय रेलवे की पूछताछ वेबसाइट और NTES ऐप पर उपलब्ध होगी। अनारक्षित कोचों के टिकट सामान्य शुल्क पर UTS प्रणाली से बुक किए जा सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com