मुंबई: आने वाले कुछ दिनों में मेट्रो 2 ए का संचालन शुरू होने जा रहा है। एमएमआरडीए (MMRDA) ने इसकी तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है, इसके पहले इस रूट पर स्थित अपर दहिसर स्टेशन (Upper Dahisar Station) का नाम बदलकर आनंद नगर (Anand Nagar) कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि दहिसर के आनंद नगर इलाके में पहले स्टेशन का नाम अपर दहिसर रखा गया, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया था। विरोध के कारण इस मेट्रो रेलवे स्टेशन का नाम बदलना पड़ा है ।
नाम बदलने को लेकर संघर्ष करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पंड्या ने बताया शिवसेना के स्थानीय नेता और मुंबई म्हाडा के अध्यक्ष विनोद घोसालकर के माध्यम से सीएम उद्धव ठाकरे, पालक मंत्री आदित्य ठाकरे और एमएमआरडीए आयुक्त श्रीनिवास को पत्र लिख कर भावनाओं से अवगत कराया गया। कर्ण अमीन और राजेश पंड्या ने 1976 से राजस्व विभाग (सीटी सर्वे) सर्वेक्षण संपत्ति कार्ड पर आधिकारिक तौर पर आनंद नगर नाम के उल्लेख का कागजात भी पेश किया। आखिरकार प्राधिकरण ने अपर दहिसर का नाम बदल कर आधिकारिक तौर पर आनंद नगर का बोर्ड मेट्रो स्टेशन पर लगा दिया। राजेश पंड्या और अन्य नागरिकों ने शासन प्रशासन को धन्यवाद दिया है।