मुंबई एयरपोर्ट पर सुनेत्रा पवार से मिलते फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (सोर्स: सोशल मीडिया)
Sunetra Pawar Meets Emmanuel Macron Video: भारत और फ्रांस के मजबूत होते रिश्तों के बीच, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सोमवार, 16 फरवरी 2026 की देर रात अपनी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ मुंबई पहुंचे। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए महाराष्ट्र का शीर्ष नेतृत्व मौजूद था, लेकिन इस दौरान एक ऐसी घटना हुई जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राष्ट्रपति मैक्रों और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बीच गर्मजोशी भरी बातचीत देखी जा सकती है।
जब राष्ट्रपति मैक्रों हवाई अड्डे पर स्वागत कतार में खड़े नेताओं से मिल रहे थे, तो उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से हाथ मिलाने के बाद सुनेत्रा पवार के सामने रुककर कुछ पल बिताए। सूत्रों के अनुसार, पुरुष नेताओं की भीड़ के बीच एक महिला नेता को स्वागत के लिए खड़ा देखकर मैक्रों के चेहरे पर विशेष प्रसन्नता देखी गई। उन्होंने सुनेत्रा पवार का अभिवादन ‘नमस्कार’ के साथ किया और उनसे कुछ सेकंड तक संवाद किया। यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर एक वैश्विक नेता और राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के बीच क्या बात हुई होगी।
सुनेत्रा पवार ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने राष्ट्रपति मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रों का स्वागत करना अपने लिए एक सम्मान की बात बताया। इस दौरान राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी वहां उपस्थित थे।
Warmly welcomed Hon’ble President of France, H.E. Emmanuel Macron and First Lady Brigitte Macron on their arrival in Mumbai last night. Along with Hon’ble Maharashtra Governor Acharya Devvrat Ji, CM Devendra Fadnavis Ji and Deputy CM Eknath Shinde Ji, it was an honour to receive… pic.twitter.com/WAjx0gLNo7 — Sunetra Ajit Pawar (@SunetraA_Pawar) February 17, 2026
राष्ट्रपति मैक्रों का यह दौरा केवल औपचारिक नहीं बल्कि सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। मंगलवार, 17 फरवरी को उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली है। यह महत्वपूर्ण बैठक महाराष्ट्र लोकभवन में आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- बीड़ी के कारोबार से दिल्ली के किंगमेकर बनने तक, प्रफुल पटेल कैसे बने शरद पवार के दाएं हाथ से अजित के ‘संकटमोचन’
इसके अलावा, मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों गेटवे ऑफ इंडिया पर एक भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन एंड कल्चरल कमेमोरेशन’ के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस यात्रा के माध्यम से दोनों देश भविष्य की तकनीकों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर जोर देंगे। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुनेत्रा पवार की सक्रिय उपस्थिति राज्य की राजनीति में महिलाओं की मजबूत भागीदारी का संकेत देती है।