

Devendra Fadnavis Reviews Maharashtra Infrastructure Projects: महाराष्ट्र को समृद्ध बनाने के लिए बुनियादी ढांचे से संबंधित परियोजनाओं को तेज गति से पूरा किया जाना चाहिए।
इसी संदेश के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित 'इन्फ्रास्ट्रक्चर वॉर रूम' बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की और संबंधित एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में बुनियादी ढांचा परियोजना तीन से साढ़े तीन साल में पूरी होनी चाहिए, उन्होंने कहा कि ठेकेदारों द्वारा देरी किए जाने से देश और राज्य दोनों को नुकसान होता है। इसलिए किसी भी स्तर पर विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो ठेकेदार समय पर काम पूरा नहीं करते, उन्हें भविष्य में कोई नया काम नहीं दिया जाएगा।
साथ ही, टेंडर प्रक्रिया में यह मानदंड भी शामिल किया जाए कि ठेकेदार ने पिछला प्रोजेक्ट कितने समय में पूरा किया था। धारावी पुनर्विकास की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां के उद्यमियों को राज्य जीएसटी में छूट दिलाने की कार्यवाही की जाए, ताकि धारावी की अनौपचारिक अर्थव्यवस्था को औपचारिक रूप मिल सके। बीडीडी चाल पुनर्विकास (नायगांव, वरली, नागपाड़ा) में किरायेदारों को किराया देकर घर खाली करवाएं और पुनर्विकास तत्काल शुरू करें।