ठाणे की पहली डबल डेकर ई-बस अब भी डिपो में खड़ी, चार्जिंग स्टेशन के इंतजार में अटका संचालन

Thane Double Decker E Bus Service: महाराष्ट्र दिवस पर उद्घाटन के बाद भी ठाणे की पहली वातानुकूलित डबल डेकर ई-बस यात्रियों के लिए शुरू नहीं हो सकी है। बस अब तक डिपो में खड़ी है।
Thane Double Decker Bus Service
ठाणे डबल डेकर बस सर्विस (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Thane Double Decker E Bus Service Delay: महाराष्ट्र दिवस पर राज्य के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे मनपा परिवहन सेवा में शामिल पहली वातानुकूलित डबल डेकर ई-बस का उद्घाटन किया था। लेकिन एक महीने से अधिक समय व्यतीत होने के बावजूद अभी तक यह बस यात्रियों की सेवा में उपलब्ध नहीं हो पायी है।

महापौर शर्मिला पिंपलोलकर ने वागले इस्टेट बस डिपो में अलग से चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम पूरा कर शीघ्र ही डबल डेकर बस को सेवा में शामिल करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है।

मेयर पिंपलोलकर ने बस डिपो का किया निरीक्षण

महापौर शर्मिला पिंपलोलकर ने गुरुवार को वागले इस्टेट बस डिपो में चार्जिंग स्टेशन की जगह का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों संग बैठक कर ठाणे मनपा परिवहन सेवा में ई-बस, डबल डेकर ई-बस एवं सीएनजी बस परियोजना की समीक्षा की। इस अवसर पर सभागृह नेता हणमंत जगदाले, शिवसेना गुट नेता पवन कदम, नगरसेवक अनिल भोर, अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। गौरतलब हो कि ठाणे महानगर पालिका परिवहन सेवा के बेड़े में फ़िलहाल 10 डबल डेकर ई बस को शामिल किया जाना है।

अप्रैल में बेड़े में शामिल हुई थी पहली डबल डेकर बस

पहली डबल डेकर बस अप्रैल महीने में बेड़े में शामिल हुई थी। महाराष्ट्र दिवस पर डबल डेकर ई-बस का उद्‌घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया था। इस बस का प्रत्यक्ष परीक्षण भी किया गया लेकिन नियमित सेवा के लिए जरूरी अलग से चार्जिंग स्टेशन नहीं होने की वजह से यह बस अभी घोडबंदर रोड पर स्थित आनंदनगर बस डिपो में खड़ी है। जिसको देखते हुए महापौर ने इस बस के संचालन को लेकर जरूरी सुविधाएं देने के लिए वागले इस्टेट डिपो का निरीक्षण किया। महापौर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिसमें ई-बसों, डबल डेकर ई-बसों और आने वाली सीएनजी बसों के लिए जरूरी चार्जिंग स्टेशन, फ्यूल की सुविधा और दूसरी टेक्निकल बातों की डिटेल में समीक्षा की गयी।

डबल डेकर ई-बसें और 100 सीएनजी बसें होंगी शामिल

प्रशासन की तरफ से बताया गया कि डेकर ई-बसों के लिए अलग चार्जिंग स्टेशन बनाने का प्रोसेस चल रहा है और इसके लिए जरूरी जगह, पावर सप्लाई और टेक्निकल बातों की प्लानिंग की जा रही है। डबल डेकर बसौ और नई शुरू हुई इं-बसों और सीएनजी बसों के लिए जरूरी सुविधाएं बनाने का काम प्रायोरिटी पर किया जा रहा है।

कुछ टेक्निकल बाते प्रशासन के ध्यान में आई है और इस बारे में संबंधित विभाग, महावितरण और ठेकेदार के साथ समन्वय किया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन बनाने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन बस सर्विस जल्द शुरू करने के लिए दूसरे तरीकों पर भी विचार किया जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देश के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठाणे मनपा परिवहन सेवा में डबल डेकर ई-बसे और 100 सीएनजी बसें शामिल की जाएंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com