Mumbai CSMT Smart LED Display: यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक सूचना सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) को और अधिक स्मार्ट बनाया गया है।
सेंट्रल रेलवे ने स्टेशन पर अत्याधुनिक आईपी-आधारित एलईडी ट्रेन सूचना डिस्प्ले प्रणाली शुरू की है, जिससे यात्रियों को ट्रेनों की रियल-टाइम जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी।
स्टेशन के मुख्य कॉनकोर्स सहित प्रमुख स्थानों पर हाई-रिजॉल्यूशन एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं। इन स्क्रीन पर एक साथ 12 ट्रेनों की जानकारी प्रदर्शित होगी।
इसमें ट्रेन नंबर, ट्रेन का नाम, निर्धारित आगमन या प्रस्थान समय और संबंधित प्लेटफॉर्म नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल रहेगी।
नई प्रणाली राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (NTES) से जुड़ी हुई है। इसके कारण डिस्प्ले बोर्ड पर उपलब्ध जानकारी हर पांच मिनट में स्वतः अपडेट होती रहेगी। इससे यात्रियों को ट्रेनों की ताजा स्थिति और समय संबंधी सटीक जानकारी तुरंत मिल सकेगी।
इस स्मार्ट डिस्प्ले सिस्टम के जरिए यात्रियों को अगले चार घंटे के भीतर आने और जाने वाली ट्रेनों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इससे उन्हें पूछताछ काउंटर या अलग-अलग प्लेटफॉर्म इंडिकेटर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
रेलवे का मानना है कि इस नई सुविधा से यात्रा अधिक सुगम, समयबद्ध और सुविधाजनक बनेगी, साथ ही स्टेशन पर सूचना व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी।