CSMT पर टिकट की लंबी लाइनों से आजादी! मध्य रेलवे की M-UTS सहायक योजना सुपरहिट, 2 लाख यात्रियों ने उठाया फायदा

Digital Ticketing: सीएसएमटी पर लंबी टिकट लाइनों से राहत के लिए मध्य रेलवे की एम-यूटीएस सहायक योजना सफल रही। तीन महीनों में 1.97 लाख यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग का लाभ मिला।
CSMT Mumbai Digital Ticketing News
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

CSMT Mumbai Ticket News: मुंबई के सबसे प्रमुख रेलवे स्टेशन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर यात्री टिकटों के लिए लगने वाली लंबी लाइन से राहत देने मध्य रेल द्वारा शुरू की एम-यूटीएस सहायक योजना को अच्छा प्रतिसाद मिलता दिख रहा है। डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों की सुविधा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, मध्य रेल ने सीएसएमट मुंबई में एम-यूटीएस (मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली) सहायक योजना का शुरुआत की।

क्या है योजना एम-यूटीएस सहायक योजना?

बिना आरक्षण टिकट जारी करने हेतु एक स्मार्ट, प्रौद्योगिकी-आधारित व्यवस्था की गई है। इस पहल के तहत प्रशिक्षित एम-यूटीएस सहायकों को मोबाइल फोन एवं ब्लूटूथ-सक्षम प्रिंटर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से वे टिकट काउंटरों के निकट तथा यात्री विचरण क्षेत्र में घूम कर बिना आरक्षण टिकट जारी करते हैं। इससे यात्रियों को टिकट खिड़कियों की लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं होती।

सीएसएमटी टिकट खिड़कियों पर भीड़ कम

मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. स्वप्निल नीला के अनुसार शुरुआत में 3 सहायकों की तैनाती से टिकट काउंटरों पर कतारों में उल्लेखनीय कमी आई है, टिकटिंग प्रक्रिया तेज़ हुई है। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले समय में यात्रियों को राहत हुई है।

1।97 लाख यात्रियों को लाभ

पिछले 3 माह में सीएसएमटी पर एम-यूटीएस सहायकों का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा। नवंबर 2025 में 37,267 टिकट जारी हुए और 54,169 यात्रियों को लाभ, दिसंबर 2025 में 49,167 टिकट जारी, 70,462 यात्रियों को लाभ और जनवरी 2026 में 50,306 टिकट जारी कर 72,569 यात्रियों को लाभ मिला। इस तरह तीन महीनों में सीएसएमटी पर एम-यूटीएस सहायक योजना से 1।97 लाख से अधिक यात्रियों को लाभ मिला।

332 नए एटीवीएम जल्द

बताया गया कि एम-यूटीएस पहल के अतिरिक्त, मुंबई मंडल ने स्वचालित टिकटिंग को भी सुदृढ़ किया है। मुंबई मंडल के 88 स्टेशनों पर कुल 803 एटीवीएम उपलब्ध हैं। इसके अलावा 332 नए एटीवीएम की खरीद की गई है, जिनमें से 248 मशीनें मुंबई मंडल के स्टेशनों पर जल्द स्थापित की जाएंगी।

- नवभारत लाइव के लिए मुंबई से सूर्यप्रकाश मिश्र की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com