मुंबई में नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, गणेशोत्सव से पहले सरगना समेत 2 गिरफ्तार; 10.64 लाख के नोट जब्त

Mumbai Crime Branch: गणेशोत्सव के मद्देनजर मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने ₹10.64 लाख के नकली नोट जब्त कर सरगना समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह 500 रुपये के जाली नोट खपा रहा था।
Counterfeit currency racket busted in Mumbai ahead of Ganeshotsav
मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 2 नकली नोट गिरोह पर्दाफाश फोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Mumbai Fake Currency Gang Busted: आगामी गणेशोत्सव के मद्देनजर मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने शहर में नकली नोट खपाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कथित सरगना समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500 रुपये के कुल 2,128 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 10 लाख 64 हजार रुपये है, बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्ण कांत उपाध्याय और पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण) राज तिलक रोशन के मार्गदर्शन में की गई। गणेशोत्सव के दौरान बाजार में नकली नोटों के प्रसार को रोकने के लिए क्राइम ब्रांच की जांच जारी है।

1 लाख के बदले 2 लाख नकली नोट का लालच

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 6 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई थी। सूचना मिली थी कि वासुदेव बलवंत फड़के चौक, मेट्रो सिनेमा के पास एक महिला और पुरुष असली नोट बताकर नकली करेंसी बेचने वाले हैं।

बताया गया कि गिरोह आर्थिक लाभ के लिए लोगों को 1 लाख रुपये के असली नोट के बदले 2 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट देने का लालच दे रहा था। सूचना की पुष्टि के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने मौके पर जाल बिछाया।

Counterfeit currency racket busted in Mumbai ahead of Ganeshotsav
मुंबई में मंत्री नितेश राणे ने शरद पवार से सिल्वर ओक पर की मुलाकात, मत्स्य उद्योग और बंदरगाह विकास पर चर्चा

महिला के पास मिले 500 के 270 नकली नोट

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंची महिला को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 270 नकली नोट बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की और तकनीकी जांच के जरिए गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।

पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को गिरोह के कथित मुख्य सरगना के बारे में सुराग मिला।

कुर्ला स्टेशन के पास सरगना गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कथित सरगना को कुर्ला स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 500 रुपये के 1,858 नकली नोट बरामद किए गए।

महिला के पास मिले 270 और मुख्य आरोपी के पास से बरामद 1,858 नोटों को मिलाकर पुलिस ने कुल 2,128 नकली नोट जब्त किए। इनकी कुल कीमत 10.64 लाख रुपये बताई गई है।

गणेशोत्सव से पहले बढ़ाई गई निगरानी

गणेशोत्सव के दौरान बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और नकदी के लेन-देन को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने नकली करेंसी के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह नकली नोट कहां से हासिल करता था और मुंबई में इसकी सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है।

क्राइम ब्रांच यूनिट-2 मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com