

Seven Hills Hospital Issues In Mumbai:अंधेरी (पूर्व) के मरोल-मरोशी रोड स्थित सेवन हिल्स अस्पताल में मरीजों को इलाज के दौरान हो रही कथित परेशानियों और अस्पताल के निजीकरण को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोलने की तैयारी की है।
कांग्रेस पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश सचिव संदीप वाल्मीकि ने अस्पताल प्रशासन और महानगरपालिका के संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मरीजों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर 7 सितंबर को सुबह 11 बजे सेवन हिल्स अस्पताल के सामने शांतिपूर्ण सार्वजनिक प्रदर्शन किया जाएगा।
वाल्मीकि ने अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. विपिन शर्मा, एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर (हेल्थ व सिटी), सेवन हिल्स अस्पताल प्रबंधन और सहायक आयुक्त, के/दक्षिण विभाग को पत्र भेजकर अस्पताल में मरीजों को कथित तौर पर हो रही विभिन्न परेशानियों की ओर ध्यान आकर्षित किया है।
उन्होंने पत्र में आरोप लगाया गया है कि सेवन हिल्स अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को इलाज में देरी सहित कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल के कुछ कर्मचारियों के व्यवहार व मरीजों की उचित देखभाल नहीं किए जाने को लेकर शिकायतें किए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।
संदीप वाल्मीकि के अनुसार इन समस्याओं को पहले भी अस्पताल प्रशासन और प्रबंधन के संज्ञान में लाया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और मरीजों को समय पर व बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
इसके अलावा अस्पताल के इस्तेमाल और उसके प्राइवेटाइजेशन को लेकर महानगरपालिका व अस्पताल प्रबंधन की ओर से लिए गए निर्णय पर भी वाल्मीकि ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इस फैसले को लेकर स्थानीय लोगों और मरीजों में असंतोष है व प्रशासन को इस मामले में भी तत्काल ध्यान देना चाहिए।
वाल्मीकि ने प्रशासन से मांग की है कि 7 सितंबर से पहले अस्पताल में मरीजों को समय पर इलाज, बेहतर चिकित्सा सुविधा और उचित सेवा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही अस्पताल के कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार करने व मरीजों और उनके परिजनों की शिकायतों का उचित समाधान करने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इन मुद्दों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो मरीजों की समस्याओं, अस्पताल की कथित अव्यवस्थाओं और निजीकरण के फैसले के विरोध में 7 सितंबर को सुबह 11 बजे सेवन हिल्स अस्पताल के सामने शांतिपूर्ण सार्वजनिक प्रदर्शन किया जाएगा।
वाल्मीकि ने कहा कि प्रदर्शन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित अस्पताल प्रशासन और प्रबंधन की होगी।