भाजपा को नेहरू से एलर्जी', मेट्रो स्टेशन के नाम को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला

मुंबई कांग्रेस ने वर्ली मेट्रो स्टेशन का नाम पंडित नेहरू पर रखने की मांग की, भाजपा पर विरासत को बदनाम करने और असहिष्णु रवैये का आरोप लगाया।
congress-attacks-bjp-for-not-naming-metro-station-after-nehru
मेट्रो स्टेशन व सचिन सावंत (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Metro Station Name News:  मुंबई कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लाइन-3 के वर्ली क्षेत्र में स्थित साइंस सेंटर मेट्रो स्टेशन का नाम जानबूझकर भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम पर नहीं रखा। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि नेहरू का योगदान अत्यंत महान और अविस्मरणीय है, और भाजपा के प्रयास उनकी विरासत को बदनाम करने के व्यर्थ हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा कि वर्ली क्षेत्र में यह मेट्रो स्टेशन नेहरू साइंस सेंटर के नाम से प्रसिद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘भाजपा को नेहरू के नाम से एलर्जी है’’ और इसी कारण उन्होंने स्टेशन का नाम केवल ‘साइंस सेंटर’ रखा। इस कदम को उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न पंडित नेहरू की स्मृति का गहरा अपमान बताया।

भाजपा की छोटी मानसिकता: सावंत

सावंत ने कहा कि नेहरू की दूरदृष्टि ने भारत की वैज्ञानिक सोच, औद्योगिक प्रगति और आधुनिक दृष्टिकोण की नींव रखी। उन्होंने इसे भाजपा की छोटी मानसिकता, असहिष्णुता और प्रतिशोधी रवैये का उदाहरण बताया।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले भाजपा ने दिल्ली के नेहरू मेमोरियल म्यूजियम और लाइब्रेरी का नाम बदलकर प्रधानमंत्री संग्रहालय कर दिया था और नेहरू युवा केंद्र संगठन का नाम बदलकर ‘माई भारत’ कर दिया गया था।

मुंबई कांग्रेस ने कड़ा विरोध करते हुए मांग की कि वर्ली मेट्रो स्टेशन का नाम पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम पर रखा जाए। सावंत ने कहा कि दुनिया देख रही है कि भारत के महान नेता के साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है। भाजपा की विकृत मानसिकता न केवल इतिहास को मिटा रही है, बल्कि देश की प्रतिष्ठा और वैश्विक छवि को भी धूमिल कर रही है।’

गत सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का उद्घाटन किया था। इस मेट्रो लाइन का पूरा भूमिगत कॉरिडोर ‘अक्वा लाइन’ 33.5 किलोमीटर लंबा है और 9 अक्टूबर से चालू हो गया है। यह कॉरिडोर आचार्य अत्रे चौक से कफ पेरेड तक फैला हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com