

Mumbai CNG Price Auto Taxi Fare Hike: दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी किए जाने के बीच मुंबई में उपभोक्ताओं को राहत मिली महानगर गैस लिमिटेड ने शहर में सीएनजी की दरें 84 रुपए प्रति किलो पर स्थिर रखी हैं। हालांकि, ईंधन की लगातार बढ़ती लागत और महंगाई के दबाव ने मुंबई के ऑटो-रिक्शा चालकों की चिंता बढ़ा दी है। रिक्शा यूनियनों का कहना है कि संचालन खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिससे मौजूदा किराए में वाहन चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
चालकों का कहना है कि यदि ईंधन कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में मुंबई में ऑटो किराए की दरों में भी बदलाव करना पड़ सकता है। देशभर में लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच मुंबईवासियों को मंगलवार को कुछ राहत मिली, जब महानगर गैस लिमिटेड ने मुंबई और मुंबई महानगरीय क्षेत्र में सीएनजी की कीमतों में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की।
मुंबई में फिलहाल सीएनजी की दर 84 रुपए प्रति किलो पर स्थिर बनी हुई है। यह दर इसी महीने 14 मई को एमजीएल द्वारा की गई पिछली बढ़ोतरी के बाद लागू हुई थी। हालांकि, इस बार कीमतों में कोई बदलाव नहीं होने से लाखों टैक्सी ऑटोरिक्शा चालकों और यात्रियों को अस्थायी राहत मिली है, लेकिन शहर में ऑटो किराया बढ़ाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।
मुंबई के ऑटो-रिक्शा यूनियनों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण चालकों की परिचालन लागत काफी बढ़ गई है। इसके साथ ही महंगाई और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में वृद्धि ने भी चालकों की आर्थिक स्थिति पर असर डाला है। यूनियन नेताओं का कहना है कि मौजूदा किराए में वाहन चलाना अब मुश्किल होता जा रहा है।
मुंबई में ऑटोरिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपये है, जबकि बेस किराए के बाद यात्रियों से प्रति किलोमीटर 17.14 रुपए वसूले जाते हैं। यूनियन का दावा है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह दर बढ़ाकर 18.17 रुपए प्रति किलोमीटर की जानी चाहिए, इसी तरह काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया पहले 1.5 किलोमीटर के लिए 31 रुपए है। इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए लगभग 20।66 रुपए का शुल्क लगता है।
कई यूनियनों ने ईंधन की बढ़ती कीमतों के पड़ते असर को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर किराया संशोधन की मांग रखी है। उन्होंने बी। खटुआ समिति की सिफारिशों के आधार पर नया किराया प्रस्ताव भी सरकार को सौपा है।
मुंबई शहर के परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही, तो आने वाले दिनों में मुंबई में भी सीएनजी की कीमतों पर असर पड़ सकता है। ऐसे में ऑटो और टैक्सी किराए में संशोधन का मुद्दा और अधिक गंभीर हो सकता है। उनका कहना है कि फिलहाल अभी मुंबई के यात्रियों को सीएनजी कीमतों में स्थिरता से राहत मिल गई है।