Mumbai News: सरकारी विभागों की जानकारी जल्द ही ‘सीएम डैशबोर्ड’ पर, CM फडणवीस ने किया सूचना प्रणाली का शुभारंभ
राज्य सरकार के सभी विभागों की जानकारी जल्द ही आम जनता के लिए 'सीएम डैशबोर्ड' पर उपलब्ध होगी। इसमें न्यायालय, रेरा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सेवाओं की भी जानकारी शामिल की जाएगी।
- Written By: आंचल लोखंडे
सरकारी विभागों की जानकारी जल्द ही 'सीएम डैशबोर्ड' पर। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
मुंबई: राज्य सरकार के सभी विभागों की जानकारी जल्द ही आम जनता के लिए ‘सीएम डैशबोर्ड’ पर उपलब्ध होगी। इसमें न्यायालय, रेरा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सेवाओं की भी जानकारी शामिल की जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निर्देश दिए कि ‘S3WaaS’ (Secure, Scalable & Sugamya Website as a Service) प्रणाली के तहत पहले से उपलब्ध 34 विभागीय वेबसाइटों के साथ-साथ सभी सरकारी विभागों की जानकारी को भी इस आधिकारिक आईटी प्लेटफॉर्म में जोड़ा जाए।
विधान भवन में ‘सीएम डैशबोर्ड’ के प्रस्तुतीकरण को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आईटी मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव विकास खड़गे, आईटी विभाग के प्रधान सचिव पराग जैन-नैनुटिया, सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी, निदेशक अनिल भंडारी और अन्य आईटी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘सीएम डैशबोर्ड’ वेबसाइट और ‘S3WaaS’ सूचना प्रणाली का शुभारंभ किया।
‘सीएम डैशबोर्ड’ उपयोगी साबित
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि जनता को किसी भी सरकारी योजना की जानकारी तुरंत एक ही प्लेटफॉर्म पर मिले, इसके लिए ‘सीएम डैशबोर्ड’ उपयोगी साबित होना चाहिए। इस पोर्टल पर सरकारी नीतियों, उनकी प्रगति, अद्यतन जानकारी, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, प्रत्यक्ष वित्तीय लाभ देने वाली योजनाओं और विभागवार जानकारी को शामिल किया जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को अन्य वेबसाइटों पर जाने की जरूरत न पड़े। इसमें न्यायालय, कानून व्यवस्था और रेरा से जुड़ी जानकारी भी होनी चाहिए।
सम्बंधित ख़बरें
रामदास आठवले का शरद पवार को बड़ा ऑफर, बोले- कांग्रेस नहीं, RPI के साथ आइए
क्या ठाकरे गुट में होगी बड़ी टूट? 7 सांसदों के शिंदे गुट के संपर्क में होने की अटकलों से सियासत गरमाई
एकनाथ शिंदे की सुरक्षा को लेकर शिवसेना नेता का बड़ा दावा, महाराष्ट्र की राजनीति में मचा हड़कंप
सिर्फ 12 घंटे में दिल्ली से मुंबई, 20 जून बाद पूरी तरह खुल सकता है एक्सप्रेसवे
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
विकसित ‘S3WaaS’ प्रणाली
https://cmdashboard.maharashtra.gov.in वेबसाइट पर जल्द ही सभी सरकारी विभागों की जानकारी उपलब्ध होगी। यह वेबसाइट दिव्यांग व्यक्तियों के लिए भी सुगम होगी और इसमें सूचना का अधिकार (RTI) से संबंधित जानकारी भी शामिल की जाएगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित ‘S3WaaS’ प्रणाली वर्तमान में 34 सरकारी वेबसाइटों को जोड़ चुकी है।
स्मार्टफोन और कंप्यूटर पर सुगमता से उपयोग
इसे और अधिक सरकारी विभागों तक विस्तारित किया जाएगा। यह प्रणाली सुरक्षित है और एक ही स्थान पर सभी आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराएगी। नागरिक इसे स्मार्टफोन और कंप्यूटर पर सुगमता से उपयोग कर सकेंगे। आईटी विभाग के प्रधान सचिव पराग जैन-नैनुटिया ने बताया कि ‘सीएम डैशबोर्ड’ और ‘S3WaaS’ प्रणाली को लगातार अपडेट और उन्नत बनाने का कार्य किया जा रहा है।
