मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सेार्स: सोशल मीडिया)
Devendra Fadnavis On Fuel Price: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों के बीच, भारत सरकार ने आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने इसे एक ऐसा कदम बताया जो वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के समय भारतीय नागरिकों की जेब पर पड़ने वाले बोझ को कम करेगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है, जबकि डीजल को इस ड्यूटी से पूरी तरह छूट देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा, “दुनिया में चल रहे युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने की पूरी आशंका थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला लिया, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा।”
#WATCH | Mumbai: Maharashtra CM Devendra Fadnavis says, “I would like to express my gratitude to the Government of India. In the wake of rising oil prices amid the war in the world, there was apprehension that petrol and diesel prices might increase. To prevent the prices from… pic.twitter.com/iD1VrdhEQW — ANI (@ANI) March 27, 2026
राज्य में पेट्रोल पंपों पर उमड़ने वाली भीड़ और संभावित किल्लत की खबरों को खारिज करते हुए फडणवीस ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया देश और राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है, इसलिए पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लगाने की आवश्यकता नहीं है। एलपीजी या घरेलू गैस का अनावश्यक भंडारण न करें, आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहेगी।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उन अफवाहों पर भी विराम लगाया जो देशव्यापी लॉकडाउन की बात कर रही थीं। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि लॉकडाउन की झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- फ्यूल पर टैक्स में भारी कटौती! पेट्रोल पर 3 तो डीजल पर शून्य हुई एक्साइज ड्यूटी, फिर क्यों कम नहीं होंगे दाम?
फडणवीस ने जोर देकर कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति के कारण वैश्विक बाजार में जो उथल-पुथल मची है, भारत सरकार ने उससे अपने नागरिकों को बचा लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह “बड़ा लाभ” सीधे आम आदमी तक पहुंचेगा, जिससे महंगाई पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।