बुलडोजर एक्शन (सौ. सोशल मीडिया )
CIDCO Demolition Drive In Navi Mumbai: नवी मुंबई में अवैध निर्माण के खिलाफ सिडको ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12,000 वर्ग मीटर जमीन से कब्जा हटाया।
गुरुवार 5 मार्च को लॉजिस्टिक्स पार्क क्षेत्र के जांभुल पाड़ा इलाके में यह कार्रवाई की गई। यहां सर्वे नंबर 25, 35 और 36 पर लैंड माफियाओं ने सिडको की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर लिया था।
सिडको के अवैध निर्माण निरोधक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से सभी अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया। अधिकारियों के अनुसार यह निर्माण सिडको द्वारा अधिग्रहित जमीन पर बिना किसी अनुमति के किया गया था। कार्रवाई के बाद सिडको ने पूरे भूखंड को अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक कब्जा करने वालों ने इस जमीन पर लोहे के पतरे से फेंसिंग कर रखी थी। इसके अलावा वहां एक बड़ा शेड और दो सिक्योरिटी केबिन भी बनाए गए थे। यह अवैध कब्जा सिडको द्वारा प्रस्तावित विकास परियोजनाओं में बाधा बन रहा था, जिसके कारण विभाग ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया।
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई सिडको के सतर्कता विभाग के मुख्य अधिकारी सुरेश मेगड़े के निर्देश पर की गई। वहीं सिडको के अवैध निर्माण निरोधक विभाग के मुख्य नियंत्रक विशाल धागे के मार्गदर्शन में टीम ने अभियान को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें :- शिवाजीनगर-हिंजवड़ी मेट्रो से कैसे बदलेगें पुणे के हालात, जानें आखिर क्यों है ये प्रोजेक्ट इतना खास
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मौके पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। स्थानीय पुलिस, सिडको से संबद्ध पुलिस टीम, महाराष्ट्र सुरक्षा बोर्ड के सुरक्षा रक्षक और सिडको के सिक्योरिटी गार्ड बड़ी संख्या में तैनात थे। सिडको की इस सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय लैंड माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।