विजय वडेट्टीवार (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Chandrapur Kidney Racket Case: कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने चंद्रपुर किडनी रैकेट मामले में दावा किया है कि दिल्ली के जिस डॉक्टर का नाम इस मामले में सामने आया है, वह पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित है।
चंद्रपुर जिले के एक किसान द्वारा साहूकार का कर्ज चुकाने के लिए अपनी किडनी बेचने का चौंकाने वाला मामला 16 दिसंबर, 2025 को सामने आया था। बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने यह मुद्दा उठाया। इस चर्चा में विजय वडेट्टीवार के अलावा विधायक अर्जुन खोतकर ने भी भाग लिया।
वडेट्टीवार ने पूछा कि क्या यह सरकार पद्मश्री से सम्मानित आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करने की हिम्मत दिखाएगी। उन्होंने किडनी रैकेट के मुख्य मास्टरमाइंड और इसमें शामिल साहूकारों के खिलाफ मकोका के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि साहूकारों के षड्यंत्र में फंसकर एक किसान परिवार तबाह हो गया।
ऐसे में पीड़ित किसान परिवार को सीएम रिलीफ फंड से 10 लाख की तुरंत सहायता दी जानी चाहिए। इस पर गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ऐसे मामलों में कानून को और सख्त बनाने के लिए काम करेगी। पीड़ित परिवार की भी मदद की जाएगी।
ये भी पढ़ें :- अंबरनाथ में 8 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर बुलडोजर, मेडिकल कॉलेज के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
चंद्रपुर के किसान रोशन कुले से 1 लाख के कर्ज के लिए एक साहूकार ने 74 लाख वसूले, रोशन ने कर्ज चुकाने के लिए ट्रैक्टर और खेत भी बेच दिए, जब इसके बाद भी कर्ज खत्म नहीं हुआ तो किसान को अपनी किडनी बेचने पर मजबूर होना पड़ा। उसे डेटा सेंटर में नौकरी का वादा करके विदेश भेजा गया लेकिन बाद में उसकी किडनी निकाल ली गई।