मुंबई में भारी बारिश के बाद रेलवे ट्रैक पर भरा पानी (फोटो: पीटीआई)
मुंबई. रविवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने मुंबईकरों को परेशान कर दिया। मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन प्रभावित हो गई। मध्य रेलवे के ट्रैक पानी से भर गए। कई सेवाएं रद्द कर दी गई। इस वजह से कई स्टेशनों पर लोगों की भारी भीड़ भी देखने मिली। जबकि एक महिला का एक्सीडेंट भी हो गया।
बता दें कि हार्बर लाइन के मानखुर्द से वडाला तक लोकल सेवा पूरी तरह बंद की गई थी, जिससे हजारों यात्री फंसे रहे और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 10:30 से बंद हार्बर लाइन पर कुल 30 सेवाएं प्रभावित हुई। वही 10 लोकल पूरी तरह कैंसिल की गई। याद दिला दें कि मध्य रेलवे ने इस इस साल मानसून की तैयारी के तौर पर कई नई तकनीकों का इस्तेमाल किया था। लेकिन एक दिन की बारिश ने ही उनकी तैयारियों को फेल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मध्य रेलवे पर प्रतिदिन चलने वाली 15 एसी लोकल को भारी बारिश के कारण सोमवार को रद्द कर दिया गया था। इस वजह से एसी लोकल में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी थोड़ी मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
एक अधिकारी न नाम न बताने की शर्त पर बताया कि सोमवार को मध्य रेलवे के मेन लाइन पर करीब 300 से ज्यादा सेवाएं प्रभावित हुई। तो वही 60% फास्ट लोकल कैंसिल की गई थी। इसके अलावा हार्बर लाइन पर कुल 40 सेवाएं प्रभावित हुई, जिनमे से 30 लोकल आंशिक रूप से रद्द और 10 लोकल पूर्णतः रद्द की गई थी।
रेलवे ट्रैक पर बारिश का पानी (फोटो: पीटीआई)
पश्चिम रेलवे का कहना है कि भारी बारिश के कारण कुछ जगहों पर ट्रैक पर पानी भर गया था। इन स्थानों पर स्थापित उच्च क्षमता वाले पंपों का तुरंत इस्तेमाल किया गया। साथ ही कर्मचारी सभी संवेदनशील स्थानों पर स्थिति की निगरानी कर रहे थे। ताकि लाइन पर ट्रेन सेवाएं बिना किसी रुकावट के पूरे दिन चलाई जा सके। इसके अलावा, लंबी दूरी की किसी भी मेल एक्सप्रेस ट्रेन को री शेड्यूल या रद्द नहीं किया गया और वे निर्धारित समय पर चल रही थी। लोकल सेवा 10-15 मिनट देरी से चल रही थी।
मध्य रेल ने सोमवार को 9 मेल एक्सप्रेस ट्रेन रद्द की और 30 एक्सप्रेस ट्रेनों को रीस्केडुल किया। साथ ही 1 ट्रेन को शार्ट टर्मिनेट किया गया था। सुबह जो 18 गाड़ियां अलग- अलग जगह पर खड़ी की गई थी, वे बाद में सीएसएमटी स्टेशन पहुंची।
रेलवे ट्रैक और सड़क पर बारिश का पानी (फोटो: पीटीआई)
पनवेल से ठाणे जा रही एक लोकल जब सुबह नौ बजे सीबीडी बेलापुर पहुंची, उस वक्त एक महिला फिसलकर ट्रैक पर गिर गई। रेलवे का पहला कोच उसके ऊपर से गुजर गया। इससे घटना से वहां हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद ट्रेन को हटाकर उसकी जान बचा ली गई। लेकिन महिला के दोनों पैर नहीं बचाए जा सके।
आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद कुर्ला कारशेड नाले को साफ नहीं किया गया। मध्य रेलवे और मनपा प्रशासन ने नाले को साफ करने की जिम्मेदारी एकदूसरे पर थोंपने से मध्य रेलवे की पटरी पर पानी आने से रेलवे की सेवा लड़खड़ा गई। वहीं, हार्बर रूट पर रेल यातायात बंद होने से फंसे हुए यात्रियों के लिए एसटी महामंडल ने पनवेल से दादर, पनवेल से वाशी और उरण से दादर के लिए कई अतिरिक्त बसें चलाई। साथ ही महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से भी बसें चलाई गई थी।