

Bhusawal Festival Special Train Ticket Checking: लंबी दूरी की ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। अब टिकट के साथ निर्धारित मूल पहचान पत्र रखना भी जरूरी होगा।
मध्य रेल की ओर से 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान टिकट की वैधता के साथ यात्रियों के पहचान पत्र, रियायती टिकट, आरक्षण कोटा और विभिन्न प्रकार के पास की भी जांच की जाएगी।
रियायती टिकट या आरक्षण कोटे के तहत यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी पात्रता साबित करने वाला निर्धारित मूल पहचान पत्र साथ रखना होगा। जांच के दौरान पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर रेलवे नियमों के तहत जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
एक टिकट पर कई यात्रियों की बुकिंग होने की स्थिति में कम से कम एक यात्री के पास मूल पहचान पत्र होना जरूरी होगा। पहचान पत्र उपलब्ध नहीं कराने पर उस PNR से यात्रा कर रहे सभी यात्रियों को बिना वैध टिकट यात्रा करने वाला माना जा सकता है। ऐसे मामलों में रेलवे के नियमों के अनुसार जुर्माना लगाया जा सकता है।
ई-पास और PTO के जरिए यात्रा करने वाले यात्रियों को भी मूल पहचान पत्र अपने साथ रखना होगा। इसके अलावा यात्रा शुरू करने से पहले ई-पास या PTO को निर्धारित यात्रा प्राधिकरण में बदलना या एक्सचेंज कराना आवश्यक होगा।
अभियान के दौरान अनारक्षित टिकटों सहित सभी प्रकार के टिकटों की प्रामाणिकता जांची जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर टिकट जांच कर्मचारी TTE ऐप के माध्यम से टिकट का सत्यापन भी कर सकते हैं। रेलवे का उद्देश्य टिकट, रियायत और आरक्षण कोटे के दुरुपयोग को रोकना तथा राजस्व नुकसान पर अंकुश लगाना है।
मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट और आवश्यक मूल दस्तावेज अपने साथ रखें तथा टिकट जांच कर्मचारियों को सहयोग करें। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रियों के लिए अतिरिक्त रेल सेवाओं पर भी काम किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे ने दादर-भुसावल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संख्या 09049/09050 के परिचालन फेरे 27 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिए हैं। इससे त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।