मध्य रेल की बड़ी कार्रवाई; बिना टिकट यात्रियों से 251.91 करोड़ का रिकॉर्ड जुर्माना, 41.90 लाख पकड़े गए

Mumbai Ticket Checking News: मध्य रेलवे ने बिना टिकट यात्रा पर सख्ती करते हुए 2025-26 में 41.9 लाख यात्रियों से 251.91 करोड़ जुर्माना वसूला, मामलों व राजस्व में बड़ा इजाफा दर्ज हुआ।
Central Railway collected a record fine of ₹251.91 crore from ticketless travelers in FY 2025-26. Over 41.90 lakh cases were detected, and 24 ticket-checking staff members surpassed the ₹1 crore individual collection mark.
मध्य रेल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Central Railway Mumbai Division News: मध्य रेल ने अपने पूरे नेटवर्क पर अवैध यात्रा के खिलाफ अभियान चलाते हुए 251.91 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड जुर्माना वसूल किया है। सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ डॉ स्वप्निल नीला के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में मध्य रेल पर 41.90 लाख अनधिकृत/बिना टिकट यात्रा करने वालो को पकड़ा गया। इनमें 12.63 लाख लोकल ट्रेन से जुर्माने के रूप में 38.86 करोड़ रुपये वसूले गए। पूरे नेटवर्क में अनधिकृत और बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए अपने उपायों को तेज कर रहा है।

10 प्रतिषत की बढ़ोतरी

मध्य रेल की टिकट जांच टीमों ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनुचित या अमान्य यात्रा प्राधिकरण वाले 41.90 लाख यात्रियों को पकड़ा, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 38.05 लाख थी, जिसमें 10% की वृद्धि है। वित्त वर्ष 2025-26 में जुर्माने के रूप में रिकॉर्ड 251.91 करोड़ रुपये वसूले गए, जबकि पिछले वर्ष यह राशि 203.70 करोड़ रुपये थी, जो लगभग 24% की वृद्धि दर्शाती है। 29.27 लाख गैर-उपनगरीय मामलों से वसूले गए 213.31 करोड़ रुपये और 12.63 लाख उपनगरीय मामलों से वसूले गए 38.86 करोड़ रुपये शामिल हैं।

मंडलवार जुर्माना वसूली

मुंबई मंडल के 17.97 लाख मामलों से सर्वाधिक 80.98 करोड़ रुपये जुर्माना प्राप्त हुआ। भुसावल मंडल को 9.63 लाख मामलों से 81.28 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। पुणे मंडल को 4.73 लाख मामलों से 30.15 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। नागपुर मंडल को 4.54 लाख मामलों से 28.36 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। सोलापुर मंडल को 2.53 लाख मामलों से 11.62 करोड़ रुपये प्राप्त हुए और मुख्यालय को 2.48 लाख मामलों से 19.51 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

एसी लोकल में पकड़ाए 1.23 लाख यात्री

वित्त वर्ष 2025-26 में सीएसएमटी-कल्याण मेन लाइन पर 14 सेवाएं और सीएसएमटी-पनवेल हार्बर लाइन पर 14 सेवाएं नॉन-एसी से एसी लोकल सेवा में अपग्रेड की गईं। जिससे मध्य रेल पर एसी सेवाओं की कुल संख्या 94 हो गई। इस दौरान, मध्य रेल टिकट चेकिंग टीमों ने एसी लोकल में बिना टिकट/बिना वैध टिकट के यात्रा कर रहे 1.23 लाख यात्रियों को पकड़ा। पिछले वर्ष के 98,681 मामलों की तुलना में एसी लोकल ट्रेनों में बिना टिकट/बिना वैध टिकट के यात्रा के मामलों में 25% की वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2025-26 में जुर्माने के रूप में 3.89 करोड़ रुपये वसूले गए, जबकि पिछले वर्ष यह राशि 3.24 करोड़ रुपये थी, यानी जुर्माने की राशि में 20% की वृद्धि हुई।

24 टिकट चेकिंगकर्मी बने करोड़पति

मध्य रेल के 24 टिकट चेकिंग स्टॉफ ने करोड़पति बनने का रिकॉर्ड बनाया। 24 टीसी व्यक्तिगत टिकट चेकिंग आय में 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करके करोड़पति बन गए। इनमें मुख्यालय के 10, भुसावल मंडल के 10, मुंबई मंडल के 3 और पुणे मंडल के 1 कर्मी शामिल हैं। इन 24 टिकट चेकिंग कर्मियों ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए टिकट चेकिंग से कुल 25.78 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।

मार्च में पकड़ाए 3.91 लाख यात्री

मध्य रेल की टिकट चेकिंग टीमों ने अकेले मार्च 2026 में बिना टिकट यात्रा करने वाले, गलत या अवैध यात्रा वाले 3.91 लाख यात्रियों को पकड़ा, जबकि मार्च 2025 में यह संख्या 3.44 लाख थी।इस साल लगभग 14% की वृद्धि हुई है। मार्च 2026 में अपराधियों से जुर्माने के रूप में 24.88 करोड़ रुपये वसूले गए, जबकि मार्च 2025 में यह राशि 18.08 करोड़ रुपये थी, जो लगभग 38% की वृद्धि हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com