

Central Railway Athletes Selected In Commonwealth Games 2026: मध्य रेल से जुड़े दो एथलीटों का चयन प्रतिष्ठित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 23 जुलाई 2026 से 2 अगस्त 2026 तक ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित की जाएगी। यह उपलब्धि खेल प्रतिभाओं की पहचान, उनके विकास एवं प्रोत्साहन में मध्य रेल के अमूल्य योगदान का प्रमाण है।
दोनों खिलाड़ी मुंबई मंडल से संबंधित हैं। तेजस शिर्से मध्य रेल में वाणिज्यिक लिपिक सह टिकट परीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि समरदीप सिंह गिल वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। तेजस शिर्से 110 मीटर बाधा दौड़ (110 मीटर हर्डल्स) और समरदीप सिंह गिल शॉट पुट (गोला फेंक) खिलाड़ी हैं।
दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारतीय रेल तथा मध्य रेल का गौरव बढ़ाया है। कॉमन वेल्थ खेल-2026 के लिए उनका चयन उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण तथा मध्य रेल खेल संघ (Central Railway Sports Association - CRSA) द्वारा उपलब्ध कराए गए सुदृढ़ सहयोग तंत्र का प्रतिफल है।
सीपीआरओ डॉ स्वप्निल नीला ने कहा कि मध्य रेल खेल संघ ने विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं, विशेषज्ञ कोचिंग, प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर तथा नौकरी और खेल के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराकर अनेक खिलाड़ियों के करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीआरएसए के निरंतर प्रयासों ने मध्य रेल को राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं का एक सशक्त केंद्र बना दिया है। मध्य रेल के जीएम ने दोनों खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश तथा रेलवे परिवार का नाम गौरवान्वित करेंगे।