

Neeraj Chopra Injury News: भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए 32 सदस्यों वाले दल की शुरुआती सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में नीरज चोपड़ा का नाम तो शामिल है, लेकिन टीम में उनकी जगह अभी पक्की नहीं हुई है। नीरज को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हिस्सा लेने के लिए क्वालीफाई करना ही होगा, तभी वे खेल पाएंगे।
फेडरेशन के प्रवक्ता और वर्ल्ड एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमरिवाला ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि नीरज चोपड़ा को इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए पहले क्वालीफिकेशन मार्क हासिल करना होगा। उन्होंने बताया कि लिस्ट में चुने गए बाकी सभी एथलीट पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं, सिर्फ नीरज ही अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें अभी क्वालीफाई करना बाकी है।
नीरज को खेल में हिस्सा लेने के लिए क्वालीफाई करना ही होगा। इसके अलावा, एथलीट सेल्वा ने भी खुद आकर इंटरस्टेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और क्वालीफाई करने की इच्छा जताई है। चूंकि हमें उनकी मौजूदा स्थिति का पता नहीं है, इसलिए उन्हें भी क्वालीफाइंग मार्क के बहुत करीब पहुंचना होगा।
फैंस के मन में बड़ा सवाल है कि चोट के बाद नीरज चोपड़ा कब वापसी करेंगे? इस पर अपडेट देते हुए सुमरिवाला ने बताया कि नीरज अब पूरी तरह फिट हैं और ट्रेनिंग पर लौट चुके हैं। उम्मीद है कि वे अगले 10 दिनों में किसी प्रतियोगिता में उतरने के लिए तैयार हो जाएंगे। फेडरेशन अभी चोट के बाद मैदान पर उनकी वापसी का इंतजार कर रहा है।
नीरज के अलावा देश की स्टार एथलीट ज्योति याराजी की चोट पर भी अच्छी खबर आई है। सुमरिवाला ने बताया कि ज्योति की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है और वे भी अब ट्रेनिंग के लिए फिट हो चुकी हैं। हालांकि, उन्हें भी मैदान पर मुकाबला करने के लिए खुद को पूरी तरह फिट साबित करना होगा। देश को उम्मीद है कि नीरज जल्द ही क्वालीफाई करके भारत के लिए मेडल लाएंगे।