भायखला गोलीकांड का मुख्य आरोपी सैफ मस्तान पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार; मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

Byculla Firing Case: भायखला फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी सैफ मस्तान को मुंबई क्राइम ब्रांच ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया। दाऊद कनेक्शन की जांच जारी।
Byculla Firing Case Saif Mastan Arrest
भायखला फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Byculla Firing Case Saif Mastan Arrest: मुंबई का भायखला और डॉकयार्ड रोड इलाका 12 मई को उस समय गोलियों की गूंज से दहल उठा था, जब मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने समीर शेख नाम के युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। समीर शेख कोई साधारण युवक नहीं है, बल्कि वह मुंबई के संगठित अपराध और वसूली रैकेट में कभी सक्रिय रहे आसिफ शेख का बेटा है। आसिफ शेख को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का बेहद करीबी सिपहसालार माना जाता रहा है। इस हमले में समीर के पैर में गोली लगी थी, जिसका फिलहाल अस्पताल में कड़े पहरे के बीच इलाज चल रहा है।

घटना के तुरंत बाद भायखला पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए समानांतर जांच शुरू की थी। क्राइम ब्रांच की यूनिट-3 ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर माहिम से दो शूटरों को गिरफ्तार किया था। लेकिन इस पूरे गेम प्लान के पीछे जिस मास्टरमाइंड का दिमाग था, वह सैफ मस्तान पुलिस की छापेमारी से पहले ही मुंबई छोड़कर भागने में सफल रहा था।

पैसों का विवाद और सुपारी किलिंग का सनसनीखेज ताना-बाना

मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, सैफ मस्तान की गिरफ्तारी से इस बात की पुष्टि हो गई है कि समीर शेख पर हुआ हमला अचानक उपजा कोई गुस्सा नहीं था, बल्कि यह एक सोची-समझी कांट्रैक्ट किलिंग (Supari Killing) का हिस्सा था। सैफ मस्तान और समीर शेख के बीच पिछले काफी समय से करोड़ों रुपये के वित्तीय लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए सैफ ने सादिक खान और जीशान अनवर को समीर की रेकी करने और उसे जान से मारने का जिम्मा सौंपा था।

दाऊद नेटवर्क और 2008 के आईपीएल सट्टेबाजी कनेक्शन की जांच

समीर शेख के पिता आसिफ शेख का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुंबई में सट्टेबाजी, अवैध जुआ (मटका) और जबरन वसूली के मामलों में आसिफ का नाम प्रमुखता से आता रहा है। अतीत में भी आसिफ शेख पर जानलेवा हमले हो चुके हैं। यही वजह है कि क्राइम ब्रांच अब इस मामले को सिर्फ एक निजी रंजिश के तौर पर नहीं देख रही है। एजेंसियां साल 2008 में हुई एक पुरानी गैंगवार की घटना के रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं, जिसका सीधा संबंध आईपीएल (IPL) सट्टेबाजी और अंडरवर्ल्ड प्रतिद्वंद्विता से जुड़ा था।

ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया आरोपी

पश्चिम बंगाल में स्थानीय पुलिस की मदद से की गई इस छापेमारी के बाद सैफ मस्तान को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया है। अदालत ने आरोपी को क्राइम ब्रांच की विशेष कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि सैफ मस्तान से होने वाली कड़ाई से पूछताछ के बाद मुंबई में सक्रिय अंडरवर्ल्ड के स्लीपर सेल्स, सट्टेबाजों के सिंडिकेट और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले कई और बड़े चेहरों बेनकाब हो सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com