मरीन ड्राइव से बांद्रा अब सिर्फ 15 मिनट में, CM शिंदे और फडणवीस ने किया बो-स्ट्रिंग आर्क ब्रिज का उद्घाटन

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले मुंबईकरों को फिर एक बार तोहफा दिया गया है, जिससे उनका सफर अब और सुहाना और आरामदायक हो जाएगा। शुक्रवार से धर्मवीर स्वराज्य रक्षक छत्रपती संभाजी महाराज कोस्टल रोड का चौथा चरण, जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
मरीन ड्राइव से बांद्रा अब सिर्फ 15 मिनट में, CM शिंदे और फडणवीस ने किया बो-स्ट्रिंग आर्क ब्रिज का उद्घाटन
बो-स्ट्रिंग आर्क ब्रिज पर उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने सीएम शिंदे को बैठाकर चलाई कार (सोर्स: एक्स@mieknathshinde)
Published on
Updated on

मुंबई: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले मुंबईकरों को फिर एक बार तोहफा दिया गया है, जिससे उनका सफर अब और सुहाना और आरामदायक हो जाएगा। शुक्रवार से धर्मवीर स्वराज्य रक्षक छत्रपती संभाजी महाराज कोस्टल रोड का चौथा चरण, जनता के लिए खोल दिया जाएगा। गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'बो-स्ट्रिंग' आर्क ब्रिज का उद्घाटन किया, जो मुंबई कोस्टल रोड और बांद्रा वर्ली सी लिंक (बीडब्ल्यूएसएल) को जोड़ रहा है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री शिंदे को बैठा कर गाड़ी चलाई और रोड का इंस्पेक्शन किया। इसके मार्ग के शुरू होने से लोगों को ना सिर्फ लंबे जाम से निजात मिलेगी बल्कि यात्रा के दौरान उनका समय भी बचेगा। इस रोड के कारण साउथ मुंबई से एयरपोर्ट का सफर भी महज 30 मिनट में पूरा हो जाएगा। ख़ास बात तो यह है कि इस रोड के खुलने से मरीन लाइन से बांद्रा सिर्फ 15 मिनट में पहुंचा जा सकता है, जिसे पहले 45-60 मिनट लगते थे।

सुबह 7 से रात 11 बजे तक खुला रहेगा मार्ग

एक अधिकारी ने बताया कि कोस्टल रोड के माध्यम से दक्षिण मुंबई से उत्तर मुंबई की ओर जाने वाले वाहन सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 7 बजे से रात 11 बजे के बीच सीधे सी लिंक में प्रवेश कर सकते हैं। हालांकि शनिवार और रविवार को इसे बंद रखा जाएगा। ताकि बचा हुआ काम पूरा किया जा सके, जबकि दक्षिण की ओर जाने वाले वाहनों को मौजूदा मार्ग का उपयोग करना होगा। क्योंकि अब तक उस लाइन को जोड़ा नहीं गया है। मिली जानकारी के अनुसार, आर्क ब्रिज का वजन लगभग 4,000 मीट्रिक टन (एमटी) है और इसकी औसत लंबाई 140 मीटर है।

मुंबईवासियों के लिए गेम चेंजिंग परियोजना

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पहले मरीन ड्राइव से बांद्रा तक का सफर तय करने में 45 मिनट से 1 घंटे का समय लगता था, लेकिन अब यह सफर सिर्फ 10-15 मिनट लगेंगे। मुंबईकरों के लिए बहुत ही महत्वाकांक्षी और गेम चेंजिंग परियोजना है। यह सिग्नल-मुक्त है। इससे लोगों का समय और ईंधन बचेगा और प्रदूषण भी कम होगा। हमने समय से पहले इस चरण को खोलकर हमारी प्रतिबद्धता को दर्शा रहे है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 25 साल तक कोस्टल रोड के बारे में सिर्फ चर्चाएं होती थी। महायुति सरकार आने के बाद कोस्टल रोड के काम ने तेजी पकड़ी और आज इसे जनता के लिए खोला जा रहा है। मुझे ख़ुशी है कि जिस कामकी हमने शुरुआत की थी वो पूरा हो गया है।

आंकड़ें पर एक नजर

  • आर्क ब्रिज का वजन - 4,000 मीट्रिक टन
  • आर्क ब्रिज की औसत लंबाई -140 मीटर
  • कोस्टल रोड की लागत - 14 000 करोड़
  • जुड़वां टनल - 2
  • टनल में - 6 लेन (3-3)
  • अन्य जगहों पर - 8 लेन (4-4)

अब तक का काम

  • 11 मार्च 2024- वर्ली से मरीन ड्राइव साउथबाउंड लेन -9.29 किमी
  • 10 जून 2024- मरीन ड्राइव से हाजी अली -6.25 किमी
  • 11 जुलाई, 2024- हाजी अली से बांद्रा-वर्ली सी लिंक -3.5 किमी
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com