

BMC Removes 9 Illegal Shops News: बीएमसी ने अंधेरी क्षेत्र में फुटपाथों पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए 9 अवैध दुकानों को हटाया है। 'के पश्चिम' प्रशासनिक विभाग की तरफ से शुक्रवार को की गई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त हो गए हैं, जिससे पैदल यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
बीएमसी के अनुसार यह अभियान उप आयुक्त (परिमंडल-4) डॉ भाग्यश्री कापसे के मार्गदर्शन तथा 'के पश्चिम' विभाग के सहायक आयुक्त चक्रपाणी अल्ले के नेतृत्व में चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान अंधेरी के फन रिपब्लिक मार्ग पर स्थित एक अवैध दुकान को हटाया गया, जबकि एक अन्य अवैध दुकान पर जब्ती की कार्रवाई की गई। इसके अलावा वीरा देसाई मार्ग पर फुटपाथों पर कब्जा कर संचालित की जा रही 8 अवैध दुकानों को भी ध्वस्त किया गया। इस दौरान अवैध रूप से बनाए गए शेड और सीढ़ियों को भी तोड़ दिया गया।
बीएमसी अधिकारियों का कहना है कि इन अतिक्रमणों के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इस अभियान में 'के पश्चिम विभाग के परिरक्षण, भवन एवं कारखाना, अनुज्ञापन तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न मशीनों एवं उपकरणों की सहायता से कार्रवाई को अंजाम दिया, किसी भी अधिय स्थिति से निपटने के लिए आंबोली पुलिस थाने की और से पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।