हाई कोर्ट की सख्ती के बाद मनपा का बुलडोजर, अब सिर्फ हॉकर्स नहीं, अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई

Nagpur Municipal Corporation: हाई कोर्ट की सख्ती और मनपा के मिशन 100 डेज के बाद प्रवर्तन विभाग ने फुटपाथ हॉकर्स के साथ स्थायी दुकानदारों के अतिक्रमण पर भी कार्रवाई तेज कर दी है।
Following the High Court's stern stance, the Municipal Corporation has deployed bulldozers; action is now being taken not only against hawkers but also against shopkeepers who have encroached on public space.
अतिक्रमण, फुटपाथ, मनपा कार्रवाई,(सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Anti Encroachment Drive: नागपुर हाई कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देश तथा मनपा आयुक्त के मिशन 100 डेज के बाद अचानक सक्रिय हुए प्रवर्तन विभाग की ओर से अब न केवल फुटपाथ दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है बल्कि अतिक्रमण करने वाले स्थायी दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।

इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गत कुछ दिनों से कार्रवाई के दौरान दुकानों के सामने फुटपाथ पर सामान फैलाकर रखने वाले दुकानदारों का न केवल सामान जब्त किया जा रहा है, बल्कि थोड़ा सा भी शेड निकला हो, तो उसे बुलडोजर की मदद से तोड़ा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि हाई कोर्ट ने इस मसले पर कड़ी टिप्पणी की थी। कोर्ट का मानना था कि फुटपाथ पर बैठने वाले गरीब हॉकर्स के खिलाफ तो कार्रवाई की जाती है, किंतु दुकानदार भी फुटपाथ तक सामान फैलाकर अतिक्रमण करते हैं, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई जरूरी है।

भंडारा रोड पर जर्जर निर्माण को गिराया गया

प्रवर्तन विभाग के दस्ते 2 ने सतरंजीपुरा इलाके में भंडारा रोड स्थित अमरदीप टॉकीज के सामने भी महत्वपूर्ण कार्रवाई की। यहां पोहा ओली में अविनाश घुमड़े की दुकान के ऊपरी हिस्से की जर्जर दीवार को गिराया गया। इस कार्रवाई के लिए जोन कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत के माध्यम से विनती की गई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए अतिक्रमण विभाग ने खतरनाक हो चुकी इस दीवार के हिस्से को पूरी तरह से ढहा दिया।

सीए रोड और रामेश्वरी में 2 ट्रक सामान जब्त

सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने की यह मुहिम सीए रोड, मंगलवारी महल से लेकर रामेश्वरी रोड और पार्वती नगर इलाके में भी जारी रही। यहां रास्ते और फुटपाथ के दोनों ओर जमे अवैध अतिक्रमणकारियों को हटाया गया। इस इलाके से मनपा की टीम ने लगभग 2 ट्रक सामान जब्त किया, जिसमें 6 ठेले, प्लास्टिक की पानी की टंकियां और प्लास्टिक पाइप का भारी सामान शामिल है।

महल और बड़कस चौक से भी साफ हुए अतिक्रमण

महल इलाके में संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए इन दस्तों ने महल चौक से लेकर बड़कस चौक, शिवाजी पुतला, केलीबाग रोड, गडकरी वाडा परिसर और कल्याणेश्वर मंदिर परिसर से होते हुए वापस महल और बड़कस चौक तक पूरे दिन लगातार कार्रवाई की।

इस दौरान रास्ते और फुटपाथों पर अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे ठेलों और दुकानदारों को हटाया गया। कार्रवाई में प्रवर्तन विभाग के उपायुक्त मंगेश खवले और सहायक आयुक्त संजय कांबले के मार्गदर्शन में अतिक्रमण उन्मूलन टीमों ने हिस्सा लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com