मुंबई का अगला मेयर कौन? सबसे मजबूत दावेदार तेजस्विनी घोसालकर रेस से बाहर! BJP में इन 6 बड़े नामों पर चर्चा
BMC Mayor News: बीएमसी मेयर पद महिला के लिए आरक्षित होने के बाद भाजपा में हलचल तेज है। हर्षिता नार्वेकर और अलका केरकर सहित छह महिला पार्षद रेस में हैं, जबकि चर्चित नाम तेजस्विनी बाहर हो गई हैं।
- Written By: आकाश मसने
कौन बनेगा बीएमसी का मेयर (डिजाइन फोटो)
Mumbai Mayor Race: मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मेयर पद के लिए लॉटरी सिस्टम के जरिए आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होते ही राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। यह पद अब महिला कोटे में जाने के बाद भाजपा के भीतर छह प्रमुख महिला पार्षदों के नामों पर मंथन शुरू हो गया है, जो इस प्रतिष्ठित कुर्सी की दावेदार मानी जा रही हैं।
मुंबई में मेयर पद को लेकर लंबे समय से जारी सस्पेंस अब खत्म हो गया है। हाल ही में हुए आरक्षण के निर्धारण में मेयर की कुर्सी महिला के लिए सुरक्षित कर दी गई है। इस घोषणा के बाद से ही भाजपा के खेमे में संभावित नामों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा थी, वह इस रेस से बाहर हो गया है।
तेजस्विनी घोसालकर का नाम रेस से बाहर
चुनाव नतीजों के बाद से ही तेजस्वी घोसालकर का नाम मेयर पद के लिए सबसे आगे चल रहा था। घोसालकर ने चुनाव से ठीक पहले अविभाजित शिवसेना छोड़कर भाजपा का दामन थामा था और वार्ड नंबर 2 से जीत दर्ज की थी। लेकिन ताजा जानकारी के अनुसार, वे अब मेयर पद की दौड़ का हिस्सा नहीं हैं, जिसने कई राजनीतिक विश्लेषकों को हैरान कर दिया है।
सम्बंधित ख़बरें
मिड-डे मील की गुणवत्ता पर तुकाराम मुंढे का बड़ा फैसला! स्कूलों में जंक फूड बैन, FSSAI लाइसेंस हुआ अनिवार्य
जनता सहे लोकल के झटके, पर BMC के माननीयों को स्कॉर्पियो में होता है पीठ दर्द! अब चाहिए महंगी इनोवा क्रिस्टा
मुलुंड डंपिंग की 15 एकड़ जमीन DRP को लीज पर देने का प्रस्ताव अटका: ट्री कमेटी ने 2,710 पेड़ काटने की दी मंजूरी
जनता के पैसों की बर्बादी! 6 महीने पहले खरीदी स्कॉर्पियो नापसंद, अब BMC पदाधिकारियों को चाहिए ‘इनोवा क्रिस्टा’
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए मेयर पद के आरक्षण की लॉटरी जारी; जानें आपके शहर में कौन बनेगा महापौर
अनुभव और प्रभाव: ये 6 नाम हैं सबसे आगे भाजपा की ओर से मेयर पद के लिए अब मुख्य रूप से छह महिलाओं के नाम चर्चा में हैं:
- अलका केरकर: वार्ड नंबर 98 से जीतीं केरकर तीन बार की पार्षद और पूर्व उपमहापौर रह चुकी हैं। भाजपा के कोर ग्रुप में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें सबसे प्रबल दावेदार बनाती है।
- हर्षिता नार्वेकर: वार्ड नंबर 225 से पार्षद हर्षिता, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर की रिश्तेदार हैं।
- रितू तावडे: वार्ड नंबर 132 से जीत हासिल करने वाली तावडे पर भी पार्टी बड़ा भरोसा जता सकती है।
- राजश्री शिरवडकर: वार्ड नंबर 172 की प्रतिनिधि शिरवडकर भी इस रेस का प्रमुख हिस्सा हैं।
- शीतल गंभीर: वार्ड नंबर 190 से जीत दर्ज कर इन्होंने अपनी दावेदारी पेश की है।
- आशा मराठे: वार्ड नंबर 152 से चुनी गई मराठे का नाम भी मेयर की दौड़ में शामिल है।
महायुति का पलड़ा मजबूत
बीएमसी के चुनावी नतीजों में भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन (महायुति) ने शानदार प्रदर्शन किया है। 16 जनवरी को घोषित परिणामों में इस गठबंधन को कुल 118 सीटें मिली हैं, जिनमें भाजपा के पास 89 और शिवसेना के पास 29 सीटें हैं। बहुमत का यह आंकड़ा भाजपा को अपना मेयर बनाने के लिए एक मजबूत स्थिति में खड़ा करता है, जबकि उद्धव ठाकरे गुट को 65 सीटों से संतोष करना पड़ा है। अब देखना यह होगा कि दिल्ली और राज्य का नेतृत्व इन छह नामों में से किसके सिर पर मुंबई का ताज सजाता है।
